पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास को पुनः मिली जिम्मेदारी, बने प०सिंहभूम के इंटक जिला अध्यक्ष
इंटक प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने कहा कि चंद्रशेखर दास जैसे कर्मठ और अनुभवी नेता का पुनः संगठन में नेतृत्व मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है
santosh verma
Chaibasa: इंटक झारखंड राज्य के अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय के नेतृत्व में शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए प० सिंहभूम जिला इंटक अध्यक्ष के पद पर पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास की नियुक्ति की गई। चाईबासा के स्थानीय सनातन धर्मशाला में आयोजित समारोह में इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने चंद्रशेखर दास को नियुक्ति पत्र देकर औपचारिक रूप से उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी। इस मौके पर जिले भर से कांग्रेस समर्थक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिन्होंने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया। ज्ञात हो कि चंद्रशेखर दास पहले प० सिंहभूम जिला के जिला अध्यक्ष सहित संगठन के विभिन्न पदों पर रह चुके है। अपने जिला अध्यक्ष कार्यकाल में उन्होंने संगठन को मजबूत करने, मजदूर हितों की रक्षा करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुँचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया था।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष रहते हुए चंद्रशेखर दास ने संगठन की मजबूती के लिए कई जनसंपर्क और संगठन विस्तार अभियानों का नेतृत्व किया। उनके नेतृत्व में कांग्रेस ने प० सिंहभूम जिले में अपना जनाधार मजबूत किया और कार्यकर्ताओं के बीच एकता और अनुशासन का वातावरण बनाया। विशेष रूप से जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार सोनाराम सिंकु की जीत में भी चंद्रशेखर दास की भूमिका अहम रही। चुनाव के दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठित करने, मतदाताओं से संवाद स्थापित करने और स्थानीय स्तर पर रणनीति तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनकी सक्रियता और संगठनात्मक कौशल से प्रभावित होकर इंटक के प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडेय ने उन्हें एक बार फिर जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी। इंटक प्रदेश अध्यक्ष राकेश्वर पांडे ने इस मौके पर कहा कि चंद्रशेखर दास जैसे कर्मठ और अनुभवी नेता का पुनः संगठन में नेतृत्व मिलना हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने हमेशा मजदूरों और श्रमिकों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई है। हमें विश्वास है कि उनके नेतृत्व में प० सिंहभूम जिला में इंटक और अधिक सशक्त और मजबूत होगी । इस अवसर पर कई राज्य स्तरीय इंटक के पदाधिकारी ने श्री दास का स्वागत करते हुए कहा कि वे एक समर्पित, जमीनी और संगठनप्रिय नेता है, जिन्होंने हर वर्ग के श्रमिकों की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाने में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। नवनियुक्त जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि मैं इंटक के प्रदेश अध्यक्ष का आभार व्यक्त करता हूँ जिन्होंने मुझ पर विश्वास जताया। मजदूरों और श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को और मजबूती से लड़ा जाएगा। संगठन को गांव-गांव और हर श्रमिक वर्ग तक पहुँचाना मेरा संकल्प है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इंटक संगठन को जिले के हर प्रखंड और पंचायत स्तर तक सक्रिय किया जाएगा ताकि कोई भी श्रमिक अपनी समस्या के समाधान से वंचित न रहे।
मौके पर इंटक प्रदेश संयुक्त महासचिव महेन्द्र मिश्रा , इंटक प्रदेश कोषाध्यक्ष संजीव श्रीवास्तव , इंटक कोल्हान प्रभारी राणा सिंह , इंटक प्रदेश सोशल मीडिया चेयरमैन दिलीप भारद्वाज , प्रदेश उपाध्यक्ष सूचना अधिकार विभाग रमेश बैघ , कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय , प्रखंड अध्यक्ष सिकुर गोप , इंटक जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय सिंह तुबिद , विघ्न राज दास , सहित अन्य उपस्थित थे ।


