सरायकेला: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जिला कार्यालय सरायकेला-खरसावां की ओर से जिला प्रशासन को एक महत्वपूर्ण पत्र जारी किया गया है। जारी इस पत्र में राजद के जिला अध्यक्ष बैजू कुमार ने उपायुक्त को संबोधित करते हुए संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों की आधिकारिक सूची साझा की है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष, राजद श्री राम यादव ने बताया कि झारखंड में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अंतर्गत विभिन्न दायित्वों पर पदाधिकारियों का नामांकन किया गया है। इन पदाधिकारियों में जनार्दन कुमार – प्रदेश अध्यक्ष, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ, राजद झारखंड, श्री राम यादव – प्रदेश उपाध्यक्ष, राजद झारखंड, श्री बिरेंद्र कुमार सिंह यादव – महासचिव, राजद झारखंड, श्री दिनानाथ सिंह – महासचिव, राजद झारखंड, श्री राजेश यादव – सचिव, राजद झारखंड शामिल हैं।
प्रशासन से अनुरोध किया है कि उपरोक्त सूची को अभिलेख में दर्ज कर प्रशासनिक संज्ञान में रखा जाए ताकि संगठनात्मक कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे। इन्होंने यह भी आगाह किया है कि कुछ असामाजिक तत्व राजद के लेटरहेड का अनुचित उपयोग करते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को भ्रामक पत्र और शिकायतें भेज रहे हैं। ऐसे पत्रों या शिकायतों पर बिना सत्यापन किसी प्रकार की कार्रवाई न की जाए। यदि भविष्य में ऐसी कोई स्थिति उत्पन्न होती है, तो संबंधित जानकारी तत्काल राजद जिला अध्यक्ष को देने का अनुरोध किया गया है, ताकि उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को भी भेजी गई है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर सतर्कता बढ़ाई जा सके।


