santosh verma
चाईबासा: शुक्रवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के घोर नक्सल प्रभावित क्षेत्र सारंडा के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत समठा बाबुडेरा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक आईईडी (IED) विस्फोट की घटना में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक इंस्पेक्टर के.के. मिश्रा घायल हो गए। यह घटना उस समय घटी जब सुरक्षाबलों की टीम नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी।इसी दौरान दूसरी तरफ़ आईईडी विस्फोट में एक पुलिया भी उड़ा दिया गया है। दोनों ही घटनाघ शुक्रवार देर शाम की बताई जा रही है।इधर एक अन्य घटना में लेंडमाईन ब्लास्ट की घटना की ख़बर आई आई है,किंतु इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, नक्सलियों द्वारा जंगल के रास्ते में छिपाकर रखे गए विस्फोटक के संपर्क में आने से धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आकर इंस्पेक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अधिकारी को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।चिकित्सकों ने बताया कि घायल अधिकारी की स्थिति फिलहाल स्थिर है, हालांकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची के राज अस्पताल एयरलिफ्ट किया जा सकता है। संभावना जताई जा रही है कि उन्हें शनिवार को रांची रेफर किया जाएगा।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिया गया है। सुरक्षा बल इलाके में संभावित अन्य आईईडी की जांच में जुटे हैं। पुलिस ने कहा है कि नक्सलियों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और अभियान जारी रहेगा।
