कांड्रा: सरायकेला जिले के कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड (पूर्व में आधुनिक एलॉयज एंड पावर लिमिटेड) से जुड़े विस्थापित प्रभावित श्रमिक सहयोग समिति ने प्रेस वार्ता कर कुछ लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
कांड्रा स्थित अमलगम स्टील एंड पावर लिमिटेड विस्थापित प्रभावित श्रमिक सहयोग समिति के अध्यक्ष सुधीर महतो ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता कर कहा कि कंपनी की स्थापना के क्रम में वर्ष 2004-2005 में कालिंदी परिवार की लगभग 04.70 एकड़ जमीन अर्जित की गई थी। इसके बदले सभी जमीनदाताओं को प्रति एकड़ 01 लाख 75 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया था।
उन्होंने बताया कि समिति द्वारा समय-समय पर कालिंदी परिवार के योग्य आश्रितों को रोजगार दिलाने की मांग कंपनी प्रबंधन से की जाती रही है। अब तक परिवार के कुल 26 लोगों को रोजगार दिया जा चुका है।
विस्थापित समिति के अध्यक्ष सुधीर महतो ने बताया कि कुछ लोगों द्वारा यह भ्रम फैलाया जा रहा है कि कालिंदी परिवार के योग्य सदस्यों को रोजगार नहीं दिया गया। यह आरोप पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा है। समिति किसी भी समाज - आदिवासी, पिछड़ा या दलित - के बीच भेदभाव नहीं करती।
सुधीर महतो ने आगे कहा कि समिति हमेशा से कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए काम करती रही है - चाहे वह न्यूनतम वेतन, पीएफ-ईएसआई सुविधा, बोनस, या सेवानिवृत्ति के बाद आश्रित को नौकरी दिलाने की बात हो।
उन्होंने कहा कि समिति का उद्देश्य औद्योगिक शांति और सामाजिक समरसता बनाए रखना है, ताकि सभी विस्थापित परिवारों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंध कायम रहें।
