एस० आर० रुंगटा बी-डिविजन लीग, 2025-26

 एस० आर० रुंगटा बी-डिविजन लीग, 2025-26



प्रताप क्रिकेट क्लब ने टाउन क्लब को हराया



santosh verma

Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आज से शुरू हुए 32वीं एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग के उद्घाटन मैच में प्रताप क्रिकेट क्लब चाईबासा ने टॉउन क्लब चाईबासा को एकतरफा मुकाबले में पाँच विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। 

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए टॉउन क्लब चाईबासा की पूरी टीम 26.4 ओवर में 156 रन बनाकर आल आउट हो गई। हलांकि इस टीम के पाँच विकेट मात्र 66 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे परंतु छठे विकेट के लिए प्रभात बोयपाई तथा प्रणय कुमार ने 52 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को संकट से उबारा। प्रभात बोयपाई ने चार चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 43 रन, कप्तान सिद्धार्थ अग्रवाल ने पाँच चौके एवं एक छक्का की मदद से 31 रन तथा प्रणय कुमार ने दो चौके एवं एक छक्का की मदद से 23 रन बनाए। 



प्रताप क्रिकेट क्लब की ओर से गेंदबाजी करते हुए सुधांशु पाल ने 21 रन देकर तीन विकेट, तथा प्रतीक अग्रवाल ने 34 रन देकर तीन विकेट हासिल किए जबकि अनीश कुमार दास एवं रौशन कुमार को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रताप क्रिकेट क्लब ने 21.1 ओवर में पाँच विकेट के नुकसान 157 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। हलांकि प्रताप क्रिकेट क्लब के तीन विकेट 47 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे परंतु चौथे विकेट के लिए क्रिस अग्रवाल एवं धर्मेंद्र यादव ने 94 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर जीत की पटकथा लिख दी। क्रिस अग्रवाल ने दो चौके एवं चार छक्के की मदद से 52 रनों की बेहतरीन पारी खेली तथा अंत तक आउट नहीं हुआ जबकि धर्मेंद्र यादव ने चार चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 50 रन बनाकर पारस नंदी की गेंद पर बोल्ड आउट हुआ। पारी की शुरुआत करने आए पंकज सिंह ने भी 29 रनों की उपयोगी पारी खेली। पारस नंदी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए जबकि हितेश वैद्य को एक सफलता हाथ लगी। 

इससे पूर्व प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन 2024 बैच के प्रशिक्षु आइ० ए० एस० सह सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार  ने की। जिला क्रिकेट संघ के झंडोतोलन के पश्चात उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। मैच अधिकारियों की उपस्थिति में उन्होने दोनों कप्तानों के बीच टॉस करवाया तथा जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह की गेंद पर शानदार शाट लगाकर प्रतियोगिता प्रारंभ करने की घोषणा की। मैच प्रारंभ होने से पूर्व उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए उन्हें खेल भावना के तथा विपक्षी खिलाड़ियों का सम्मान करते हुए खेलने की सलाह दी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर का उदाहरण देते हुए उन्होने कहा कि खेल के दरम्यान ऐसा कोई कार्य न करें जिससे आपको बाद में पछताना पड़े।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post