Chaibasa: चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा 6 सूत्री ज्ञापन


 चाईबासा में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण की उठाई मांग

santosh verma

Chaibasa: चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के एक प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष संजय चौबे के नेतृत्व में झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री माननीय डॉ. इरफान अंसारी से स्थानीय परिसदन , चाईबासा में भेंट कर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में व्याप्त गंभीर कमियों से उन्हें अवगत कराते हुए 6 सूत्री ज्ञापन सौंपा। 

ज्ञापन के माध्यम से चाईबासा चेंबर ने कोल्हान प्रमंडल मुख्यालय होने के बावजूद चाईबासा में स्वास्थ्य सुविधाओं की अत्यंत दयनीय स्थिति पर चिंता व्यक्त की। चाईबासा चेंबर ने कहा कि जिले के आमजन उचित चिकित्सा सुविधाओं के अभाव में समय पर इलाज न मिलने के कारण अकाल मृत्यु का शिकार हो रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। चाईबासा चेम्बर द्वारा अपने ज्ञापन में हाल ही में थैलेसीमिया के 07 मरीजों में एचआईवी संक्रमण पाए जाने की घटना अत्यंत चिंताजनक बताया। रक्त अधिकोष में नियमित लैब परीक्षण एवं सीरोलॉजी पालन का अभाव गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। सदर अस्पताल भवन से एक मरीज के गिरकर मृत्यु हो जाने की घटना अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाती है। 

आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की अनुपलब्धता विशेष रूप से हृदय रोग से पीड़ित मरीजों के लिए जीवनघातक सिद्ध हो रही है। हृदय रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति न होने से मरीजों को रांची या जमशेदपुर रेफर किया जाता है, जहां पहुँचने से पहले ही कई की मृत्यु हो जाती है। लैब तकनीशियन की कमी के कारण आवश्यक जांच समय पर नहीं हो पाती, जिससे मरीजों को निजी संस्थानों का सहारा लेना पड़ता है। डायलिसिस सुविधा का घोर अभाव होने से गरीब मरीजों को निजी संस्थानों में अत्यधिक खर्च वहन करना पड़ रहा है। मलेरिया जैसे संक्रामक रोगों की बढ़ती घटनाओं के बावजूद शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग और दवा छिड़काव की नियमित व्यवस्था नहीं हो रही है जैसे मुद्दों को प्रमुखता से रखा

चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने मंत्री मोहोदय के समक्ष  निम्नलिखित प्रमुख मांगें भी रखीं:

1. चाईबासा में 100 बेड का आधुनिक मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल शीघ्र स्थापित किया जाए।

2. सदर अस्पताल में हृदय, किडनी, न्यूरो एवं हड्डी रोग विशेषज्ञों की नियुक्ति की जाए।

3. अस्पताल में आवश्यक दवाइयों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

4. आई.सी.यू., ओ.टी., एक्स-रे एवं विभिन्न प्रयोगशालाओं में तकनीशियनों की पूर्ण व्यवस्था की जाए।

5. नवजात शिशुओं के टीकाकरण की नियमित एवं निशुल्क व्यवस्था सरकारी अस्पतालों में की जाए, ताकि गरीब परिवारों को निजी संस्थानों में अत्यधिक शुल्क न देना पड़े।

चाईबासा चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने आग्रह किया कि माननीय मंत्री स्वयं इस विषय पर संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करें, जिससे जिले के लोगों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके और चाईबासा का सदर अस्पताल कोल्हान प्रमंडल के अनुरूप सशक्त एवं आधुनिक स्वरूप प्राप्त कर सके।

माननीय मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया कि वे चाईबासा की स्वास्थ्य समस्याओं पर गंभीरता से विचार करेंगे और यथाशीघ्र आवश्यक कदम उठाएंगे।

प्रतिनिधि मंडल में चाईबासा चेंबर निवर्तमान अध्यक्ष मधुसूदन अग्रवाल, उपाध्यक्ष दुर्गेश खत्री, संयुक्त सचिव गोविंदा खेतान एवं विवेक सिन्हा उपस्थिति थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post