No title

देवघर स्थित हो जनजातीय संग्रहालय का फ्रांसीसी पर्यटकों ने किया दीदार



 चाईबासा:-मझगांव प्रखंड अंतर्गत मध्य विद्यालय देवधर में स्थित हो जनजातीय जीवन दर्शन पर आधारित संग्रहालय का अवलोकन करने के लिए पांच सदस्यीय फ्रांसीसी पर्यटक पहुंचे।ट्राइबल इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पश्चिमी सिंहभूम जिला सचिव अनमोल पाट पिंगुवा की अगुवाई में पहुंचे फ्रांसीसी पर्यटकों ने संग्रहालय के चीजों का अध्ययन करके हो जनजातियों के जीवन दर्शन का जायजा लिया। 



वे संग्रहालय में संरक्षित हर चीज को अपने कमरे में कैद किया और जनजातीय जनजीवन में उनकी उपयोगिता को अपनी डायरी में अंकित किया। संग्रहालय स्थल को पर्यटन स्थल की दृष्टि से देखने वाले फ्रांसीसी पर्यटक आगंतुकों का स्वागत विद्यालय प्रबंधन समिति व अभिभावकों द्वारा आदिवासी परंपरा अनुसार हाथ धुलाकर किया गया। उन्हें फूल मालाएं और बुके देकर व पत्ते की टोपियां पहनाकर संग्रहालय तक पारंपरिक मांदल व नगाड़े की थाप पर स्कूली बच्चे-बच्चियों के द्वारा नृत्य के साथ अगुवाई किया गया।



 आगंतुकों के स्वागत दल में विद्यालय के प्रभारी जगदीश चन्द्र सावैयां, विज्ञान शिक्षक देवानंद तिरिया,मेनंती पिंगुवा,कविता महतो, चंद्रशेखर तामसोय,हो शिक्षक सुभाष हेम्ब्रम,पारंपरिक वाद्य यंत्र प्रशिक्षक बलभद्र हेम्ब्रम,ग्राम मुंडा श्याम पिंगुवा,हो भाषा राज्य साधनसेवी शिक्षक कृष्णा देवगम व मंगल सिंह मुंडा समेत एसएमसी अध्यक्ष चंद्रमोहन पिंगुवा,बाल संसद अध्यक्ष संगीता पुरती,डाकुवा जगराय पिंगुवा समेत काफी संख्या में अभिभावक शामिल थे।

 वर्ष 2017 में तत्कालीन कोल्हान प्रमंडल के क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक अरविंद विजय बिलुंग के प्रेरणा से स्थापित संग्रहालय का दिनों दिन विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनता देखकर विद्यालय के शिक्षकगण, प्रबंधन समिति,अभिभावकों एवं बच्चों में काफी उत्साह है और इसे हमेशा अपटेड बनाए रखने की उत्सुकता बरकरार है। इससे पूर्व कोल्हान के वीर योद्धा पोटो हो की जीवन गाथा का अध्ययन करने वाले नीदरलैंड के इतिहासकार पॉल स्ट्रूमर संग्रहालय का दीदार कर चुके हैं।

  इधर, जनजातीय जीवन दर्शन के अध्ययन करने की विदेशी पर्यटकों की उत्सुकता को देखते हुए जिला मुख्यालय सदर चाईबासा के टाटा कॉलेज कॉलोनी विद्यालय में स्थित संग्रहालय को पुनर्स्थापित करने की सोच शिक्षकों एवं बुद्धिजीवियों के बीच उभरने लगी है। ज्ञात हो कि टाटा कॉलेज कॉलोनी विद्यालय में मंत्री सह स्थानीय विधायक दीपक बिरुवा के फंड से संग्रहालय निर्मित है। लेकिन सामग्रियां नष्ट होने के कारण भवन का उपयोग अन्य शिक्षण कार्य में उपयोग किया जा रहा है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post