32वीं एस० आर० रूंगटा बी-डिविजन लीग, 2025-26
रोमांचक मुकाबले में जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब ने लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को हराया
santosh verma
Chaibasa ःपश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे 32वीं एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब ने चक्रधरपुर के लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब को मात्र एक विकेट से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए।
चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए आज के मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब ने निर्धारित तीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 236 रनों का स्कोर खड़ा किया। इस टीम की ओर से अंजनी कुमार यादव ने छः चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 68 रन तथा कप्तान विश्वजीत सिंह ने तीन चौके एवं चार छक्के की मदद से आक्रामक 51 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 105 रनों की मजबूत साझेदारी निभाई। अन्य बल्लेबाजों में उद्घाटक बल्लेबाज तनुज कुमार प्रधान ने पाँच चौके की सहायता से 29 रन तथा शुभोदीप मुखर्जी ने चार छक्के की मदद से 28 रनों का योगदान दिया। जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की ओर से प्रणव त्रिपाठी ने 27 रन देकर दो विकेट तथा अंकित शर्मा ने 52 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए। कप्तान सदान आलम को एक सफलता हाथ लगी जबकि चार खिलाड़ी रन आउट के शिकार हुए। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की टीम ने लक्ष्य को 29.5 ओवर में नौ विकेट खोकर प्राप्त कर लिया। हलांकि जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब के आठ विकेट 24.5 ओवर में 198 रन के स्कोर पर ही गिर गए थे और ऐसा लग रहा था कि मैच उसके हाथ से निकल चुका है परंतु आठवें विकेट के लिए मो० आरिफ और अब्दुल्ला ने 33 रनों की साझेदारी निभाकर टीम को संकट से उबारा। परंतु 231 रन के स्कोर पर नौवें विकेट के रूप में अब्दुल्ला के आउट होते ही मैच एक बार फिर लट्टू उरांव के पाले में आ गया। जीत के लिए जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब को अंतिम छः गेंदों पर छः रनों की आवश्यकता थी। पहले चार गेंदों पर मात्र दो रन ही बन पाए और अब अंतिम दो गेंदों पर जीत के लिए चार रनों की आवश्यकता थी जिसे अंतिम ओवर की पाँचवीं गेंद पर मो० आरिफ ने छक्का लगाकर पूरा कर दिया।
जगन्नाथपुर क्रिकेट क्लब की ओर से निर्भय चौरसिया ने नौ चौके एवं एक छक्का की मदद से 65 रन, अंकित शर्मा ने 37 रन, प्रणव त्रिपाठी ने 32, कप्तान सदान आलम ने 30, मेराजुल इस्लाम ने 20 तथा मो० आरिफ ने 17 नाबाद रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। लट्टू उरांव क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए समरेश महतो ने 57 रन देकर तीन विकेट तथा अंकित तांती ने 14 रन देकर दो विकेट हासिल किए। शुभोदीप मुखर्जी, रमन प्रधान, विश्वजीत सिंह एवं अंजनी कुमार यादव को एक-एक सफलता हाथ लगी।
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए 27 एवं 28 अक्तुबर को मैच नहीं रखा गया है इस कारण अब अगला मैच 29 अक्तुबर को मेघाहातुबुरू क्रिकेट क्लब एवं देवेंद्र माँझी क्रिकेट क्लब चक्रधरपुर के बीच खेला जाएगा।
