Saraikela: आदित्यपुर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जीवनी पर प्रदर्शनी सह संगोष्ठी आयोजित


आदित्यपुर: भारतीय जनता पार्टी, सरायकेला-खरसावां जिला के तत्वावधान में रविवार को एमआईजी दुर्गा पूजा मैदान, आदित्यपुर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जीवनी पर आधारित प्रदर्शनी सह संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के बचपन से लेकर वर्तमान तक के जीवन संघर्ष, राजनीतिक यात्रा और उपलब्धियों से जुड़ी तस्वीरें प्रदर्शित की गईं।

संगोष्ठी को प्रमुख रूप से संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का जीवन संघर्ष और समर्पण की मिसाल है। उन्होंने आम जनमानस की आकांक्षाओं को समझते हुए भारत को नये शिखर तक पहुंचाने का कार्य किया है। मुंडा ने युवाओं से आह्वान किया कि वे उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें।कहा कि मोदी का जीवन "गरीबों के लिए समर्पण और राष्ट्रहित सर्वोपरि" की सोच को दर्शाता है।


प्रदेश भाजपा के पूर्व मंत्री शैलेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती, आगामी दो अक्टूबर तक आम जनता के लिए खुली रहेगी। उन्होंने बताया कि मोदी जी के जीवन की झलक आमजन को प्रेरित करने के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंहदेव ने की, जबकि संचालन जिला उपाध्यक्ष राकेश मिश्रा ने किया। इस मौके पर पूर्व उप महापौर अमित सिंह बॉबी, आरआईटी मंडल भाजपा अध्यक्ष पंकज सिंह, एमआईजी दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष एन.के. तनेजा समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post