उपायुक्त चंदन कुमार नें डीडीसी संदीप मीणा के साथ संयुक्त रूप से मनरेगा व आवास योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक की
उपायुक्त ने विकास योजनाओं में गति लाने हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश, सभी बीडीओ को 14 अगस्त तक भौतिक प्रतिवेदन देना अनिवार्य
संतोष वर्मा
Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त चंदन कुमार की अध्यक्षता एवं उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा व सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी की उपस्थिति में मनरेगा अंतर्गत क्रियान्वित योजनाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) व अबुआ आवास योजना, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना एवं पीएम जनमन योजना तहत संपादित कार्यों की समीक्षा हेतु बैठक का आयोजन किया गया। उक्त बैठक में उपायुक्त के द्वारा मनरेगा अंतर्गत मानव दिवस सृजन, बिरसा हरित ग्राम योजना, वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना, मनरेगा पार्क, दीदी बाड़ी योजना एवं एरिया ऑफिसर विजिट एप्लीकेशन से संबंधित और आवास निर्माण के तहत अद्यतन प्रतिवेदन का प्रखंड वार अवलोकन किया गया। बैठक में समीक्षा के दौरान उपायुक्त के द्वारा लक्ष्य से कम मानव दिवस सृजन से संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि प्राप्त करने और मानव दिवस सृजन के तहत सभी प्रखंडों में महिलाओं का अनुपात 50% सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा वीर सहित पोटो हो खेल विकास योजना अंतर्गत खेल के मैदान के लिए स्थल चयन हेतु राजस्व शाखा से समन्वय स्थापित करने, बिरसा हरित ग्राम योजना अंतर्गत आगामी एक सप्ताह में पौधा रोपण के लिए गड्ढा खुदाई का कार्य पूर्ण करने और सभी प्रखंडों में यथाशीघ्र मनरेगा पार्क तैयार करने के संदर्भ में निर्देशित किया गया। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा मनरेगा तहत वित्तीय वर्ष 2022-23 एवं इससे पूर्व की लंबित योजनाओं से संबंधित प्रतिवेदन का समीक्षा के दौरान निर्देश दिया गया कि वैसी सभी योजनाएं जिसे बंद की जा सकती है, उन सभी को नरेगासॉफ्ट एप्लीकेशन में बंद करते हुए उसे स्थान पर नई योजना का चयन किया जाए, साथ ही आगामी 14 अगस्त 2025 को निर्धारित बैठक में उक्त सभी योजना से संबंधित भौतिक प्रतिवेदन को प्रस्तुत किया जाए। इसके अलावा यह विशेष रूप से ध्यान रखा जाए कि मनरेगा अंतर्गत क्रियान्वित योजना, स्वीकृति वर्ष में ही पूर्ण हो और उसे पोर्टल पर बंद भी किया जाए। बैठक में उपायुक्त के द्वारा अबुआ आवास योजना वित्तीय वर्ष 2023-24 एवं 2024-25, प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) वित्तीय वर्ष 2016-22 एवं 2024-25, बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना 2016-25 एवं पीएम जनमन योजना अंतर्गत किए जा रहे कार्यों से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन का प्रखंड वार अवलोकन के दौरान सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्धारित समय सीमा के अंदर अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा अबुआ आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) के अंतर्गत लक्ष्य के विरुद्ध लंबित सभी आवास को स्वीकृति देने एवं लाभुकों का आवास निर्माण की राशि समय से भुगतान करने का भी निर्देश दिया गया। इसके अलावा आवास प्लस अंतर्गत सर्वेक्षित आंकड़ों का चेकर के माध्यम से वेरिफिकेशन एक सप्ताह के अंदर पूर्ण करने हेतु भी निर्देशित किया गया।

