उपायुक्त चंदन कुमार एक्शन मोड में, कार्य में लापरवाही व अनियमितता बरतने वाले कर्मचारी हो जायें सर्तक
उपायुक्त के निर्देश पर शिक्षा विभाग में कर्तव्य में लापरवाही बरतने एवं अनुशासनहीनता सहित अन्य गंभीर शिकायतों के उपरांत 2 प्रभारी प्रधानाध्यापक, 1 प्रधान लिपिक व 1 अनुसेवी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही संचालन की प्रक्रिया को प्रारंभ किया गया
संतोष वर्मा
Chaibasa ः पश्चिमी सिंहभूम जिला दंडाधिकारी -सह- उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देशन पर निर्धारित कर्तव्य में लापरवाही बरतने एवं अनुशासनहीनता सहित अन्य गंभीर शिकायतों के उपरांत 2 प्रभारी प्रधानाध्यापक, 1 प्रधान लिपिक व 1 अनुसेवी के खिलाफ विभागीय कार्यवाही संचालन की प्रक्रिया को प्रारंभ किया गया है। जिसके तहत त्रिदिप कुमार साहू, प्रभारी प्रधानाध्यापक- मध्य विद्यालय, बालजोरी, सोनुआ और प्रमिला कुजूर, प्रभारी प्रधानाध्यापिका, बुनियादी विद्यालय, आसनतलिया, सोनुआ को विद्यालय संचालन में लापरवाही, उदासीनता, अनुशासनहीनता एवं वित्तीय अनियमितता के आरोप में इन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई संचालन हेतु निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही खुंटपानी प्रखंड के प्रधान लिपिक हलीम अख्तर के विरुद्ध कर्तव्य हीनता एवं कार्यालय को गुमराह करने के तदर्थ आरोप पत्र गठित किया गया है और विभागीय कार्रवाई प्रारंभ की गई है। इसके अलावा जिला भू-अर्जन शाखा के अनुसेवी सागर हंसदा को कार्यालय में बिना सूचना के लगातार अनुपस्थित रहने की वजह से विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है।
