चाईबासा/संतोष वर्मा : एनडीए प्रत्याशी गीता कोड़ा ने नामांकर पर्चा दाखिल करने के पहले सोमवार को गितिलपी गांव स्थित हो समाज के पवित्र स्थल देशाऊली में शीश नवाया और सुख-समृद्धि समेत चुनाव में जीत की दुआ मांगी। इसके बाद तांबो स्थित खूंटकट्टी मैदान में आयोजित भाजपा के लोकसभा नामांकन कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
देशाऊली में जाने के पहले गीता कोड़ा अपने पति मधु कोड़ा व अन्य समर्थकों के साथ गितिलपी पहुंचे। वहां से ढोल नगाढ़ों की धुन पर उनको देशाऊली तक ले जाया गया। देशाऊली दर्शन के बाद वह गाँधी मैदान से निकलने वाली नामांकन जुलूस में शामिल हुई और नामांकन कार्यक्रम में पहुंची।
इसके बाद उन्होंने जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त कार्यालय में नामांकन पर्चा दाखिल किया। देशाऊली दर्शन के दौरान उनके साथ उनके पीए गणेश कोड़ाह, सुरेंद्र पुरती, इलाकाई मानकी ललित सावैयां, सोना सावैयां, सुनील सावैयां, रंजन मुंदुईया समेत अन्य लोग मौजूद थे।

