चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला उपायुक्त के निर्देशन में जिला प्रशासन की ओर से उप विकास आयुक्त संदीप बक्शी के द्वारा पोड़ाहाट-चक्रधरपुर अनुमंडल कार्यालय परिसर में उत्तराखंड टनल हादसे से रेस्क्यू किए गए चेलाबेड़ा निवासी महादेव नायक का अपने गृहनगर पहुंचने पर परिजनों की मौजूदगी में पुष्प गुच्छ, अंग वस्त्र आदि प्रदान कर स्वागत किया गया।
इस दौरान बताया गया कि झारखंड सरकार के निर्देशानुसार उत्तराखंड के यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन सिलक्यारा टनल हादसे से सुरक्षित रेस्क्यू किए गए श्रमिक को सरकार द्वारा संपोषित विभिन्न योजनाओं से आच्छादित किया जाना है।
इस आलोक में स्वागत समारोह के क्रम में ही सकुशल अपने घर आये श्रमिक को मनरेगा जॉब कार्ड तथा बिरसा सिंचाई कूप संवर्द्धन योजना से जोड़ा गया है तथा मुख्यमंत्री पशुधन योजना सहित अहर्तानुसार अन्य योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।

