झारखंड स्थापना दिवस में मंत्री चंपाई सोरेन ने सरायकेला में लाभुकों के बीच किया परिसंपत्ति का वितरण और कहा- हेमंत सरकार ने झारखंड को सही दिशा में लिया


सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर काशी साहू कॉलेज सरायकेला में जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विकास मेला सह परिसंपत्ति वितरण कार्यक्रम में आदिवासी कल्याण व परिवहन मंत्री चंपाई सोरेन पहुंचे और सरायकेला खरसावां जिले के लाभों के बीच परिसंपत्ति का वितरण किया।


इससे पहले यहां उपायुक्त श्री रवि शंकर शुक्ला ने मंत्री श्री सोरेन का स्वागत किया। मंत्री श्री चंपाई सोरेन ने दीप प्रज्वलित कर उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में विधायक दशरथ गागराई,विधायक सविता महतो, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा सहित गणमान्य अतिथि पदाधिकारी, लाभुक व आम जनता उपस्थित थे।


कार्यक्रम में 11 करोड़ से अधिक राशि में बनी करीब 81 योजनाओं का उद्घाटन हुआ। इसमें आदिवासी जाहेर स्थान का संरक्षण व विकास योजना, पीसीसी पथ, सोलर आधारित सिंचाई व्यवस्था विकास योजना, सरायकेला विधानसभा अंतर्गत 13 डीप बोरिंग/ चापाकल अधिष्ठापन शामिल है। इसके अलावे करीब 72 करोड़ से अधिक राशि से बनने वाली 277 योजना का शिलान्यास हुआ। इसमें आदिवासी जाहेर स्थान का संरक्षण व विकास योजना, आदिवासी संस्कृति एवं कला केंद्र भवन निर्माण योजना, मध्यम सिंचाई योजना का जीर्णोद्धार कार्य शामिल है। इन योजनाओं का शिलान्यास/ उद्घाटन मंत्री श्री सोरेन के कर कमलों से हुई। इनके कर कमलों से सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, दिव्यांग यंत्र उपकरण वितरण योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभुकों के बीच परिसंपत्ति का भी वितरण हुआ। ड्रग नारकोटिक विभाग के कार्य योजना का कैलेंडर का लोकार्पण भी हुआ। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों,कर्मियों को प्रशंसा पत्र भी मिला।


मंत्री श्री सोरेन ने यहां विकास मेला में लगी विभिन्न स्टॉल का अवलोकन भी किया। इस दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए मंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि हर परिवार, ग्रामीण क्षेत्र से लेकर शहरी क्षेत्र तक सभी चीज को ध्यान में रखते हुए योजना को धरातल में उतारा जा रहा है। हेमंत सरकार ने झारखंड को सही दिशा में लिया है। कार्यक्रम से पहले मंत्री चंपाई सोरेन जिला मुख्यालय सरायकेला स्थित बिरसा चौक पहुंचे। यहां भगवान बिरसा मुंडा के प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित की। पूरे कार्यक्रम के दौरान हर्षोल्लास का माहौल रहा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post