संतोष ट्रॉफी में झारखंड फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व कर लौटे साधु चरण हाईबुरु को किया सम्मानित


चाईबासा : बीते दिनों उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में आयोजित 77वें सीनियर नेशनल फुटबाल प्रतियोगिता (संतोष ट्रॉफी) में झारखंड फुटबॉल टीम का प्रतिनिधित्व कर लौटे खिलाड़ी साधु चरण हाईबुरु को सम्मानित किया गया। शनिवार को टाटा कॉलेज परिसर में प्लेयर्स  यूनियन चाईबासा की ओर से उन्हें पुष्प गुच्छ व शॉल ओढ़ाकर सम्मानित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया गया। इसी बीच नेलशन पूर्ति ने खिलाड़ियों को जीवन में शिक्षा व खेल के महत्व को बताया। उन्होंने झारखंड फुटबॉल टीम के फुटबॉलर साधु चरण हाईबुरु को सीनियर राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि साधु चरण ने  नेशनल फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलते हुए झारखंड और अपने गांव व जिला का नाम रोशन किया। 

वहीं मधु सामड ने कहा कि गांव में भी प्रतिभाएं छिपी हैं मुझे विश्वास है कि साधु चरण आने वाले समय में राष्ट्रीय टीम में शामिल होकर राज्य और देश का नाम रोशन करेगा। बता दें कि साधु चरण हाईबुरु खुंटपानी प्रखंड के गोटाई गांव का रहने वाला है। वह विगत 8 से 17 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश के ग्रेट नोएडा में आयोजित सीनियर राष्ट्रीय फुटबाल प्रतियोगिता में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर लौटा है। मौके पर युगल पूर्ति, मधु सामड, सुभाष देवगम, संजय सोय, जयपाल सिरका, विकास बालमुचू समेत अन्य खिलाड़ी मौजूद थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post