चाईबासा : पूर्व विधायक मंगल सिंह बोबोंगा ने ग्रामीण कार्य विभाग, झारखंड के सचिव को पत्र लिख पश्चिम सिंहभूम जिलान्तर्गत एक ही सड़क को दो बार निविदा कर भारी लूट करने की शिकायत की है। बोबोंगा ने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिलान्तर्गत टोन्टो प्रखंड के ग्राम मौदा बिरसा चौक से बनाईकेरा होते हुए कैनुवा सीमा तक 5.160 किलोमीटर पथ का निर्माण मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना मद से 8 सितम्बर को शिलान्यास की गई है. इसी विभाग से ग्राम मौदा स्कूल चौक से कैनुवा जाने वाली सड़क में 0.610 किलोमीटर पीसीसी सड़क डीएमएफटी मद से सांसद एवं विधायक द्वारा बीते 17 जून को शिलान्यास किया गया है।
यह कार्य चल रहा है. ऐसी स्थिति में इस सड़क का 5.160 किलोमीटर सड़क में से 0.610 किलोमीटर घटाकर सड़क निर्माण करने की सीएस की प्रक्रिया की जाये. एक ही सड़क को एक ही विभाग से अलग-अलग मद से योजना की स्वीकृति ”देने का कार्य का डुप्लीकेटिंग करना है, जो भ्रष्टाचार को प्रमाणित करता है। अतः इस योजना की जांच कर इसे रद्द किया जाये और नये सिरे से बाकी बचे 4.55 किलोमीटर पथ की स्वीकृति देने की मांग की है।
ज्ञात हो की मंगल सिंह बोबोंगा के शिकायत से डुप्लीकेसी होने का खुलासा से स्पष्ट होता है की जिला प्रशासन की गलत नीति के कारण योजना की स्वीकृति में डुप्लीकेसी हो रही है। ग्रामीण सड़कों का मालिक ग्रामीण कार्य विभाग है,लेकिन जिला प्रशासन स्वीकृति से पूर्व ग्रामीण कार्य विभाग से जांच या एनओसी नही मांगा जाता है।
