सरकारी सड़क को लेकर सरायकेला के बलरामपुर ग्राम सभा ने श्री राम का किया सामाजिक बहिष्कार


सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : जिला के सरायकेला थाना अंतर्गत गांव मौजा बड़बील (बलरामपुर) में रहने वाले श्री राम हेंब्रम का बलरामपुर ग्राम सभा द्वारा सामाजिक बहिष्कार करने का मामला प्रकाश में आया है।

सूत्रों के मुताबिक बलरामपुर (बड़बील) स्थित आदिवासी कला संस्कृति भवन के पास इस संबंध में ग्राम प्रधान बुधराम हेंब्रम की अध्यक्षता में बैठक हुई। और बलरामपुर ग्राम सभा द्वारा श्री राम का सामाजिक बहिष्कार किया गया।


सूत्रों ने यह भी बताया कि बैठक में ग्राम केंदपोसी के मोदी हेंब्रम के पुत्र श्री राम हेंब्रम का बहिष्कार करने में मुख्य भूमिका निभाने वालों में ग्राम प्रधान बुधराम हेंब्रम के अलावे केंदपोसी के शिशिर कुमार हेंब्रम, आनंद हेंब्रम, मादरु हेंब्रम, विश्वकर्मा हेंब्रम शामिल थे। इस संबंध में पीड़ित श्री राम हेंब्रम ने बताया कि उन्हें कुछ असामाजिक तत्व द्वारा ग्राम प्रधान के साथ सांठ-गांठ कर गांव से बहिष्कार किया गया। उन्होंने कहा कि घर के सामने सरकारी सड़क पर आना-जाना बंद करने को भी कहा गया है।


 उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क अंश में नाली भी है और उसके ऊपर सीमेंट का स्लेब लगा है। ताकि लोग आसानी से सड़क पर चल सके। कुछ दिन पहले असामाजिक तत्वों द्वारा नाली से स्लैब हटाने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने में कठिनाई हुई। इसको लेकर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अनुमंडल दंडाधिकारी के न्यायालय में केस दर्ज किया गया है। ताकि नाली पर पुनः स्लेब लगाया जा सके। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि केस वापस नहीं लेने के कारण ही असामाजिक तत्वों के द्वारा ग्राम प्रधान के साथ सांठ-गांठ कर गांव से सामाजिक, आर्थिक सभी तरह से बहिष्कार किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि वह अंत तक सच्चाई और अच्छाई के लिए लड़ते रहेंगे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post