चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : दोलाबु दिल्ली 3.0 बिस्कलते कार्यक्रम के तहत आदिवासी हो समाज युवा महासभा की टीम ने 21अगस्त को दिल्ली पार्लियामेन्ट स्ट्रीट जंतर-मंतर में सम्मेलन-सह- धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में शामिल होने के संबंध में महासभा, कला एवं संस्कृति भवन हरिगुटू चाईबासा में तैयारी बैठक कीं। बैठक को कोल्हान प्रमंडल स्तर पर रखा गया,जिसमें पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसाँवां एवं पश्चिम सिंहभूम से आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय, प्रदेश,जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड कमिटी के प्रमुख पदाधिकारीगण शामिल हुए। अब तक दिल्ली जाने वालों में से लगभग 1200 लोगों ने रेलवे टिकट करायी है और कुछ लोग हवाई यात्रा से नई दिल्ली पहुँच रहे हैं। सभी लोग 20 अगस्त को दिल्ली पहुँच जाएंगे तथा 21 अगस्त को "हो" भाषा को सम्मेलन-सह- धरना प्रदर्शन के माध्यम से भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराकर राष्ट्रीय स्तर पर संवैधानिक मान्यता दिलाने हेतु विभिन्न राज्यों से "हो" समाज की ओर से दावा करेंगे।
लोग टाटानगर-चक्रधरपुर, राँची एवं अन्य जगहों से रेलयात्रा द्वारा पांरपरिक वाद्य-यंत्र,चावल, वेश-भूषा,छाता, ब्रश-गमछा,तेल-साबुन अन्य आवश्यक सामान लेकर चलेंगें। इस तरह से ओढ़िशा, प०बंगाल,असम,छत्तीसगढ़, तमिलनाडु,महाराष्ट्र,नई दिल्ली अन्य जगहों से भाग ले रहे हैं । कार्यक्रम के मार्फत "हो" भाषा को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने हेतु देश के प्रधान मंत्री, गृहमंत्री और राष्ट्रपति को माँग पत्र समर्पित करेंगें।
लोगों का रहने की व्यवस्था 20 अगस्त से 22 अगस्त तक चिन्योट भवन पहाड़गंज, अंबेडकर भवन झांसी रोड और संसद श्रीमती गीता कोड़ा के द्वारा एमपी क्लब भवन का व्यवस्था किया गया है। जिसमें सभी भाषा आंदोलनकारियों के लिए सुबह-शाम भोजन का व्यवस्था किया जायेगा। इस कार्यक्रम की सफल बनाने के लिए ऑल इंडिया हो लैंग्वेज एक्शन कमिटि, मानकी-मुण्डा-संघ, आदि संस्कृति विज्ञान संस्थान, ऑल असम हो वेल्फेयर सोसाइटी, हो समाज हयम सनागोम सोसाइटी प० बंगाल, आदिवासी हो कल्चर एसोसिएशन प० बंगाल, आदिवासी हो समाज महासभा, आदिवासी हो समाज सेवानिवृत्त संगठन भारतीय हो रेल, हो बैंकर्स, हो शिक्षक संघ, हो परिवार मध्यप्रदेश, हो समाज हैदराबाद एवं चेन्नई जैसे हो समाज के बीच काम करने वाले विभिन्न सामाजिक संगठनों ने सहयोग एवं समर्थन दिया हैं।
राष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी हो समाज युवा महासभा के नेतृत्व पर हो रहे कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों तथा व्यापार-नौकरी पेशे वालों से यथासंभव आर्थिक सहयोग करने के लिए अनुरोध किया जा रहा है। बैठक में डॉ बबलू सुंडी, गब्बरसिंह हेम्ब्रम, सत्यजीत हेम्ब्रम, महेंद्र महर्षि सिंकू, सुशील सवैयाँ, नितिन जामुदा, गलाय चातोम्बा, विष्णु बानरा, हरीश कुंकल, सावन सोय, जीतसिंह जोजो, कोल झारखंड बोदरा, हेमंत कुमार सामड, फूलमती सिरका, ओयबन हेम्ब्रम, सोमा जेराई, संध्या देवगम आदि लोग मौजूद थे।



