सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : विश्व प्रसिद्ध छऊ कला की धरती सरायकेला शहरी क्षेत्र का विकास, नागरिक सुविधा, शहर का सौंदर्यीकरण को लेकर जुडको की टीम ने संबंधित प्रशासनिक पदाधिकारी के साथ प्रस्तावित योजना स्थलों सर्वेक्षण किया।
खरकाई नदी किनारे मरीन ड्राइव का होगा निर्माण
नगर पंचायत सरायकेला के कार्यपालक पदाधिकारी राजेंद्र गुप्ता ने स्पष्ट किया कि पिछले दिनों एसटी, एससी कल्याण सह परिवहन मंत्री चंपाई सोरेन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिशा निर्देश दिए थे। जुडको रांची टीम के साथ प्रस्तावित योजनाओं का स्थल सर्वेक्षण किया गया। योजना में खरकाई नदी किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण किया जाना है। इसको लेकर स्थल सर्वेक्षण हुआ। डेली मार्केट में बहु मंजिला मंडी हाउस का निर्माण, कुदरसाई में पार्क निर्माण, पब्लिक दुर्गा पूजा मंदिर का सौंदर्यीकरण सहित 15 योजना क्षेत्र विकास में शामिल है।
सौंदर्यीकरण सहित 15 योजना क्षेत्र विकास में शामिल
इन प्रस्तावित योजनाओं का स्थल सर्वेक्षण के दौरान जुडको रांची के महाप्रबंधक विनय जी, उप-महाप्रबंधक संतोष चौबे, परियोजना प्रबंधक धनंजय कुमार, नयन मोदक टीम में शामिल थे। इसके अलावे अंचलाधिकारी सुरेश सिन्हा, स्वर्णरेखा परियोजना के कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार, विधायक प्रतिनिधि सनंद आचार्य, नगर पंचायत के नगर प्रबंधक सुमित सुमन, अभियंता कौशल किशोर भी थे।
कार्यपालक पदाधिकारी श्री गुप्ता ने कहा कि जुडको टीम को परामर्शी चयन कर जल्द डीपीआर निर्माण के लिए कहा गया। बताते चलें कि सरायकेला शहरी क्षेत्र में प्रस्तावित योजनाओं का जुडको द्वारा की गई स्थल सर्वेक्षण से लोगों में आस जगी की सरायकेला शहरी क्षेत्र का दिन बहुरेंगे।

