
सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : सरायकेला के ऐतिहासिक एस एफ सी मैदान स्थित भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम के मरममतीकरण कार्य को सुचारू एवं गुणवत्ता के साथ करने की मांग स्थानीय खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों द्वारा किया जा रहा है। कुछ खिलाड़ियों के अनुसार कार्य में गुणवत्ता का ध्यान संवेदक द्वारा नहीं रखा जा रहा है। खिलाड़ियों के शिकायत पर बुधवार को पूर्व खिलाड़ी सह सामाजिक कार्यकर्ता जलेश कवि निर्माण स्थल खिलाड़ियों के साथ पहुंचे।
उन्होंने संबंधित विभाग के सहायक अभियंता से इस संदर्भ में बात चीत की। उन्होंने जानना चाहा कि स्टेडियम में प्राक्कलन के आधार पर क्या क्या कार्य किए जाने हैं। खिलाड़ियों की उत्सुकता हेतु बताया जाए। सहायक अभियंता द्वारा बताया गया कि अभी वह यहां दो तीन दिन पूर्व ही स्थानांतरित होकर आए हैं। कार्य के विषय में पूर्ण जानकारी नहीं है। लेकिन जो भी कार्य होगा प्राक्कलन के आधार पर गुणवत्ता को ध्यान में रख कर किया जाएगा।
इस संदर्भ में जलेश कवि द्वारा मीडिया को बताया गया कि ये ऐतिहासिक मैदान एवं स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों एवं युवा वर्ग के लिए एक प्रकाश स्तंभ के तर्ज पर स्थापित है। स्टेडियम का जितना अधिक विकास एवं खेल सुविधाओं से युक्त किया जाएगा खेल क्षेत्र में विकास हेतु सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा खिलाड़ियों के लिए स्टेडियम के संरक्षण एवं विकास हेतु निरंतर वरीय पदाधिकारी एवं जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया जाता रहा है। तत्कालीन उपायुक्त राजेश कुमार शर्मा द्वारा भी एक बार स्टेडियम के संरक्षण हेतु ठोस पहल किया गया था।
वर्तमान स्थानीय विधायक सह मंत्री चंपाई सोरेन के पहल पर
स्टेडियम का कायाकल्प किया जा रहा है। जिसके लिए स्थानीय खिलाड़ी, खेल प्रेमी एवं प्रबुद्ध जनों में काफी हर्ष है। लेकिन कार्य को गुणवत्ताहीन किसी भी हाल में होने नहीं दिया जाएगा।कुछ स्थानों पर कार्य में लीपापोती करने की शिकायत मिली थी। इसीलिए विभागीय सहायक अभियंता का ध्यानाकृष्ट कराया गया है। लेकिन मरम्मती कार्य आगे भी असंतोषजनक रहा तो उपायुक्त सहित माननीय मंत्री से भी इसका शिकायत किया जाएगा।
