चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय शहर चाईबासा स्थित पिल्लई सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त अनन्य मित्तल के अध्यक्षता में राज्य सरकार के नियंत्रणाधीन सभी कोटि के कक्षा 1 से कक्षा 12 के विद्यालयों/महाविद्यालयों में अगस्त-2023 माह से आयोजित किए जाने वाले सप्ताहिक जांच परीक्षा के निमित्त प्रोजेक्ट रेगुलर एसेसमेंट फॉर इंप्रूव लर्निंग (RAIL) की संचालन क्रियान्वयन हेतु मानक संचालन प्रक्रिया से अवगत करवाने के उद्देश्यार्थ एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस दौरान सर्वप्रथम उपस्थित अतिथियों को पौधा प्रदान कर स्वागत पश्चात दीप प्रज्वलन कर कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यशाला में अपने संबोधन के दौरान उपायुक्त के द्वारा कहा गया कि स्कूली, शिक्षा एवं साक्षरता विभाग से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला अंतर्गत शुभारंभ किये जा रहे इस नवाचारी प्रयोग हेतु जारी संचालन प्रक्रिया को आत्मसात करते हुए प्रखंड एवं विद्यालय स्तर पर कर्तव्य निष्ठा के साथ अपने-अपने दायित्व का निर्वहन किया जाना, अति महत्वपूर्ण है।
इस दौरान बताया गया कि साप्ताहिक जाँच परीक्षा हेतु कक्षावार एवं विषयवार साप्ताहिक विच्छेदित पाठ्यक्रम तथा साप्ताहिक जाँच परीक्षा की समय-सारणी का निर्धारण जे.सी.ई.आर.टी.- राँची द्वारा किया गया है, जो गूगल ड्राइव लिंक के माध्यम से राज्यान्तर्गत सभी डायट के प्राचार्य को उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यशाला में बताया गया कि प्रोजेक्ट रेल का संचालन राज्य के सभी 24 जिलों के सरकारी-अर्द्धसरकारी, प्रस्वीकृति प्राप्त, गैर सरकारी सहायता प्राप्त (अल्पसंख्यक सहित) विद्यालयों में लागू किया जा रहा है। प्रश्न-पत्र एवं उत्तर-कुंजिका का निर्माण प्रारंभ में 02 महीनों तक सभी कक्षा के सभी विषयों के साप्ताहिक जाँच परीक्षा हेतु प्रश्न पत्र वस्तुनिष्ठ प्रकृति के होंगे।
उक्त कार्यशाला में सहायक समाहर्ता सुश्री श्रुति राजलक्ष्मी, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अभय कुमार शील, क्षेत्रीय शिक्षा पदाधिकारी- जगन्नाथपुर, मनोहरपुर, चक्रधरपुर, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सहित सभी संलग्न विद्यालयों के प्राचार्य व अन्य उपस्थित रहे।



