झालसा के निर्देश पर मल्टी स्टेकहोल्डर्स कंसलटेंट का हुआ आयोजन, एनडीपीएस और पोक्सो कानून पर हुई चर्चा


जिला जज ने किया हितधारकों को संबोधित

चाईबासा ( संतोष वर्मा ) :  झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम मल्टी स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन (परामर्शी) का आयोजन माधव सभागार चाईबासा में संपन्न हुआ। 
कार्यक्रम मे प्रमुख प्रासंगिक विषयों एनडीपीएस और पोक्सो कानून पर विषय विशेषज्ञों प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विश्वनाथ शुक्ला और जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम ओमप्रकाश ने महत्वपूर्ण जानकारी हित धारकों के साथ साझा की और उनके द्वारा पूछे गए प्रश्नों का समुचित उत्तर दिया।


सचिव राजीव कुमार सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य इससे सम्बन्धित किसी भी भ्रांतियों को दूर कर विषय पर समझ बढ़ानी है, हितधारकों में विशेष रूप से पुलिस पदाधिकारियो का ऐसे मामलों में सीधा संबंध रहता है, कार्य के दौरान उन्हें कई बारीकियों पर अपना ध्यान रखने की जरूरत पड़ती है अतः ऐसे कार्यक्रमों का अयोजन समय समय पर होना चाहिए, इसका सकारात्मक प्रभाव और परिणाम हासिल होता है।

इससे पूर्व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विश्वनाथ शुक्ला ने एनडीपीएस कानून की बारीकियों से लोगों को अवगत कराया और सैंमपलिंग (नमूना) की प्रक्रिया को बेहतर बनाने पर बल दिया उन्होंने कहा कि इसके अभाव में अभियोजन कमजोर होता है।


जिला एवं सत्र न्यायाधीश प्रथम ओमप्रकाश ने भी पोक्सो कानून 2012 के विभिन्न पहलुओं पर विशेष रुप से प्रकाश डाला और ऐसे मामलों में पुलिस की भूमिका तथा सपोर्ट पर्सन के कार्य को भी विस्तार से बताया उन्होंने कहा कि पोक्सो से संबंधित मामले के अनुसंधान करते समय पीड़ित के समक्ष पुलिस पदाधिकारी सादी वर्दी में रहेंगे, बालक का बयान दर्ज कराते समय या उनसे बातचीत करते समय मैत्रीपूर्ण वातावरण में तथा सादे लिबास में ही व्यवहार करना है, तथा अभियोजन तय समय पर मामले का निष्पादन कर सके इसके लिए विशेष रूप से अपने दायित्व को समय पर पूर्ण कर लेना चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टर शिवचरण हांसदा ने मलेरिया और ब्रेन मलेरिया से बचाव के तरीके बताए तथा ऐसी बीमारियों से बचने की सलाह प्रदान की।

इससे पूर्व सभी अतिथियों का स्वागत विभिन्न प्रजातियों के पौधे प्रदान कर किया गया, कार्यक्रम का संचालन डालसा के सदस्य विकास दोदराजका ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डालसा के सचिव राजीव कुमार सिंह ने किया, मौके पर जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय सूर्य भूषण ओझा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी शंकर महाराज, सिविल जज सीनियर डिविजन राजश्री अपर्णा कुजुर, सदर अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सह रजिस्ट्रार तौसीफ मेराज, अनुमंडल दंडाधिकारी पोड़ाहाट मिलन कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ऋषि कुमार, रेलवे दंडाधिकारी अमिकर परवार, एलएडीसी सुरेंद्र प्रसाद दास और रत्नेश कुमार, एपीपी, पीएलवी सहित बड़ी संख्या में हितधारक उपस्थित थे।
उपरोक्त जानकारी प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार सिंह ने दी।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post