चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : अमला टोला वार्ड संख्या 19 में स्थित आदर्श नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय में आज विश्व जनसंख्या दिवस मनाया गया। प्रार्थना सभा के बाद आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह ने बताया कि दुनियाभर में आज ही के दिन यानी 11 जुलाई को विश्व जनसंख्या दिवस मनाया जाता है। इस विशेष दिवस को मनाने का उदेश्य बढ़ती आबादी से जुड़ी समस्याओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
बच्चों को संबोधित करते हुए गणित शिक्षक रविन्द्र नाथ कुईला ने विश्व जनसंख्या दिवस को मनाने का इतिहास, इसका उदेश्य एवं कारण पर प्रकाश डाला। उन्होनें बताया कि 11 जुलाई 1989 को यूनाईटेड नेशन ने एक सभा का आयोजन कर 'विश्व जनसंख्या दिवस' मनाने का फैसला लिया था ताकि दुनियाभर के लोगों को बढ़ती जनसंख्या के कारण गरीबी, अशिक्षा एवं बेरोजगारी जैसे हालातों से बचाया जा सके। अंत में उन्होनें बताया कि विश्व जनसंख्या दिवस 2023 की थीम - एक ऐसी दुनिया की कल्पना करना जहाँ आठ अरब लोगों का भविष्य आशाओं एवं संभावनाओं से भरपूर हो तय की गई है।

