चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने मंगलवार को डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई को यथावत रखने के लिए जिला उपायुक्त महोदय को झारखंड राज्य के महामहिम राज्यपाल एवं माननीय मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र सौंपा।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने उपायुक्त से मिलकर कहा कि पिछले वर्ष भी विभाग की अनदेखी के कारण जेएलएन कॉलेज चक्रधरपुर में लगभग 1000 से ज्यादा विद्यार्थियों को इंटर में नामांकन से वंचित होना पड़ा था।इस वर्ष भी पश्चिमी सिंहभूम जिला में डिग्री कॉलेजों में इंटर की पढ़ाई बंद होने से हजारों विद्यार्थियों का भविष्य अंधकारमय हो जाएगा। इंटर में नामांकन बंद होने से विद्यार्थी अपने भविष्य को लेकर काफी भय और आक्रोश में हैं इसलिए राज्य सरकार को इस दिशा में अविलंब कोई ठोस निर्णय लेना चाहिए और मैट्रिक पास शत् प्रतिशत विद्यार्थियों के नामांकन की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। श्री बांकिरा ने कहा कि अगर सरकार द्वारा तय समय में विद्यार्थियों के नामांकन के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की जाती है तो माननीय मुख्यमंत्री जी को छात्रों के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।
जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा ने उपायुक्त से आग्रह करते हुए कहा कि प्रत्येक प्रखंड में विद्यार्थियों के नामांकन संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए एक हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाए ताकि सरकार को नामांकन से वंचित विद्यार्थियों का डाटा उपलब्ध कराया जा सके।
