सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : समाहरणालय सभागार मे उपायुक्त श्री अरवा राजकमल एवं पुलिस अधीक्षक श्री आनंद प्रकाश के संयुक्त अध्यक्षता में नारको कोआर्डिनेशन सेंटर की हुई बैठक में उपायुक्त ने दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
आयोजित इस त्रिमासिक बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी एवं विद्यालय,महाविद्यालय में प्रतिनियुक्त नोडल पदाधिकारी हेतु 26 जून अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर प्रशिक्षण आयोजित कर नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने के निदेश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि सभी अंचल अधिकारी ड्रग ट्रैफिकिंग को रोकने के लिए एक्सचेंज ऑफ़ इंटेलिजेंस/इंफॉर्मेशन हेतु कर्मचारी, चौकीदार, रोजगार सेवक इत्यादि के साथ समन्वय स्थापित कर अवैध पदार्थों की खेती पर रोक लगाना सुनिश्चित करें। उन्होनें निर्देशित किया कि जिले के सभी थाना प्रभारी , रेंजर एवं अंचल अधिकारी जिले में हो रही अफीम, गांजा की अवैध खेती पर कड़ी नजर रखते हुए समय-समय पर औचक निरिक्षण कर अवैध पदार्थों की खेती तथा उसके परिचालन में संलिप्त लोगो पर नियमसंगत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।दिशा निर्देश के दौरान उन्होनें कहा कि नशामुक्ति अभियान को सफल बनाने हेतु संबंधित क्षेत्र के मुखिया एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं सभी विभाग के कार्यालय प्रधान की जिम्मेदारी भी तय की जाय। मादक पदार्थों की रोकथाम में पुलिस प्रशासन की अहम भूमिका है। अतः नेशनल लेवल नारकोटिक्स टास्क फाॅर्स , डिस्ट्रिक्ट लेवल टास्क फाॅर्स तथा पुलिस प्रशासन को एक साथ मिलकर गंभीरता से सभी केस पर ध्यान देने तथा मॉनिटरिंग करने की आवश्यकता है।उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे क्षेत्र जहां मादक पदार्थों की खेती होती है या मादक पदार्थों की सेवन करने वाले लोगो की संख्या अधिक है, वैसे क्षेत्र में एंटी ड्रग एब्यूज एवर्नेस प्रोग्राम के तहत किसान गोष्ठी, गीत संगीत, नाट्य कला इत्यादि कार्यक्रम चलाई जाए। ताकि ड्रग के सेवन से शरीर एवं परिवार पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव से अधिक से अधिक लोगो को जागरूक किया जा सके। उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलधिकारी को अपने अधीनस्थ कार्य करने वाले पदाधिकारी एवं कर्मियों को भी नशा मुक्ति के प्रति प्रेरित करने के निदेश दिए।
इससे पहले बैठक में मादक द्रव्य पदार्थों के परिचलन एवं बिक्री पर नियंत्रण हेतु बिंदुवार चर्चा हुई।
बैठक में सरायकेला खरसावां जिला के वन प्रमंडल पदाधिकारी श्री आदित्य नारायण, उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार गागराई, अपर उपायुक्त श्री सुबोध कुमार, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी श्री रामकृष्ण कुमार, चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी श्री रंजीत लोहरा, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री चंदन कुमार वत्स, स्थापना उप समाहर्ता श्रीमती प्रियंका सिंह, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती शिप्रा सिन्हा, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, उत्पाद अधीक्षक सहित सम्बन्धित पदाधिकारी उपस्थित थे।

