सोनुवा में जेडीयू का जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित।


भाजपा के नेता धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़वाने का करते हैं काम अशोक चौधरी

 चाईबासा ( संतोष वर्मा ) :   भारतीय जनता पार्टी के नेता धर्म के नाम पर लोगों को आपस में लड़वाने का काम करते हैं. यह बातें जनता दल यूनाइटेड के झारखंड प्रभारी सह बिहार सरकार के भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कही. वे अपने कोल्हान दौरे पर सोनुवा के वन विश्रामागार परिसर में शनिवार को आयोजित जनता दल यूनाइटेड के जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा की केंद्र में बैठी भाजपा सरकार के कारण देश में महंगाई व बेरोजगारी बढ़ रही है. आउट सोर्सिंग के जरिए लोगों को नौकरी में लिया जा रहा. दिन प्रतिदिन तेजी से महंगाई बढ़ रही है. जिसके कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. रसोई गैस सिलेंडर के दाम में बेतहाशा वृद्धि हो रही है।


 आगामी चुनाव में भाजपा को नहीं आने देंगे सत्ता में 

उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने को लेकर पूरे झारखंड प्रदेश में पार्टी के वरीय नेता दौरा कर रहे हैं. आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव मजबूती के साथ लड़ा जाएगा. इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ता तैयारी में जुट जाएं. आगामी चुनाव में किसी भी हालत में भाजपा को सत्ता में आने नहीं दिया जाएगा. संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद सह जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो ने कहा कि क्षेत्र में बंद पड़े ट्रेनों के परिचालन के लिए रेलवे के वरीय अधिकारियों को अवगत कराया जाएगा. साथ ही चिरिया माइंस में मजदूरों की समस्या को लेकर मजदूरों को संगठित करने की आवश्यकता है।


 कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान मौजूद लोग 

खीरू महतो ने कहा कि पार्टी का हर एक कार्यकर्ता अपने घर के बाहर पार्टी का झंडा अवश्य लगाएं, यही हमारी पहचान है. समर्पण भाव से कार्यकर्ता काम करें, निश्चित तौर पर हमें जीत मिलेगी. इस मौके पर जेडीयू के प्रदेश महासचिव श्रवण कुमार, जेडीयू नेता संजय कुमार सिंह, जिला को-ऑर्डिनेटर शैलेंद्र महतो, जिलाध्यक्ष विश्राम मुंडा, जेडीयू से मनोहरपुर विधानसभा पूर्व प्रत्याशी डिंपल मुंडा, रीता सोरेन, सत्येंद्र अंगरिया ने संबोधित करते हुए पार्टी को मजबूत करने की बात कही. इस मौके पर दिनेश सांडील, सीताराम मुंडा के अलावे बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता व नेता मौजूद थे.

 बिंजू पंचायत के मुखिया समर्थकों संग जेडीयू में हुए शामिल 

जेडीयू के सोनुवा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान आनंदपुर प्रखंड के बिंजू पंचायत के मुखिया ज्योति सिंह अपने समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल हुए. मंच पर बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी ने उनका पार्टी में स्वागत किया।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post