चाईबासा ( संतोष वर्मा ) : जिला तम्बाकू नियंत्रण एवं टीबी जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मंगलवार को इंजीनियरिंग कॉलेज झींकपानी (चाईबासा ) पश्चिमी सिंहभूम के विधार्थियों एवं शिक्षकों के बीच जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य तम्बाकू से होने वाले दुष्परिणाम से लोगों को जागरूक करना एवं टीबी की जाँच टीबी की दवा की अवधि, निश्चय पोषण योजना, प्रधान मंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान एवं टीबी कैसे फैलता है की विस्तार से जानकारी जिला यक्ष्मा सह नोडल पदाधिकारी एन०सी०डी० डॉ० भारती मिंज के द्वारा दी गई।
जिला नोडल पदाधिकारी एन०सी०डी० डॉ० भारती मिंज ने बताया कि आज समाज में हमारे युवा वर्ग तेजी से तम्बाकू के उपयोग के आदि हो रहे है जो कि अत्यधिक चिंता का विषय है। ऐसे में उन्हें तम्बाकू के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों को लेकर जागरूक करना आवश्यक है । उन्होंने ये भी जानकारी दी कि तम्बाकू का सेवन किसी भी रूप में हानिकारक है। उन्होंने तम्बाकू से होने वाले बीमारी एवं नुकसान के बारे में बताया। तम्बाकू के सेवन से मुख्यता मुँह एवं फेपड़ा के कैंसर की बीमारी होती है । उन्होंने जानकारी दिया कि जागरूकरता एवं कोटपा के नियमों का अनुपालन कर तम्बाकू पर नियंत्रण किया जा सकता है। श्री जस्टिन बागे, सामाजिक कार्यकर्ता एन०टी०सी०पी ने कोटपा अधिनियम 2003 के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कोटपा अधिनियम 2003 के अंतर्गत धारा 4 के अनुसार सार्वजनिक स्थानों में धूम्रपान प्रतिबंधित है। ऐसे में कोई इसका उलंघन करता है तो उसे 200 रुपया तक का जुर्माना किया जा सकता है।
धारा-5 के अंतर्गत सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद के विज्ञापन पर प्रतिबन्ध है। इसका उलंघन करने पर दोषी को पांच साल तक की सजा एवं 5000 रूपया तक का जुर्माना किया सकता है। धारा 6 के अंतर्गत सभी शिक्षण संस्थानों के 100 गज के दायरे में नाबालिगों को तथा नाबालिगों के द्वारा तम्बाकू क्रय एवं विक्रय पर प्रतिबन्ध है। दोषी व्यक्ति को 200 रूपया तक का जुर्माना हो सकता है। धारा 7 के अंतर्गत बिना विशिष्ठ स्वास्थ्य चेतावनी के सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद की बिक्री पर प्रतिबन्ध है दोषी को पांच साल तक की सजा एवं 10000 तक का जुर्माना है। श्री जस्टिन अनूप बागे ने सभी शिक्षण संस्थानों को तम्बाकू मुक्त बनाये जाने की भी जानकारी दी। सुश्री मुक्ति बिरुआ जिला परामर्शी ने सदर हॉस्पिटल में डेंटल ओपीडी में चल रहे टीसीसी तम्बाकू निवारण केंद्र के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जो लोग तम्बाकू की लत को छोड़ना चाहते हैं वे यहाँ पर अपना इलाज करवा सकते है साथ ही जो लोग तम्बाकू से छुटकारा पाना चाहते हैं वो टोल फ्री नंबर 1800112356 में संपर्क कर सकते हैं।


