सरायकेला ( दीपक कुमार दारोघा ) : पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से संबंधित बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित हुई जिसमें उपायुक्त अरवा राजकमल ने पेयजलापूर्ति को लेकर समीक्षा की एवं आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में उपायुक्त अरवा राजकमल ने सर्वप्रथम ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में पेयजलापूर्ति हेतु किए जा रहे कार्य एवं संचालित योजनाओं की कार्य प्रगति की समीक्षा की। और ऐसे गांव जहां एक भी चापाकल चलने की स्थिति में ना हो, को चिन्हित कर यथाशीघ्र रिपेयरिंग कराना सुनिश्चित करने का निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिले में एक हजार चापाकल रॉटेन राइजर पाइप लाइन के कारण खराब पड़े हैं। मरम्मत हेतु सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर संबंधित विभाग के पदाधिकारी प्राथमिकता के आधार पर चापाकल मरम्मत करना सुनिश्चित करें। ग्रामीण क्षेत्र में खराब चापाकल की मरम्मत हेतु प्रखंड विकास पदाधिकारी की देखरेख में टीम बनाई गई है। जो निर्धारित तिथि अनुसार पंचायत का भ्रमण कर खराब पड़े चापाकलों की मरम्मती सुनिश्चित करेंगे। शहरी क्षेत्र में पेयजल समस्या का समाधान हेतु टैंकर माध्यम से पानी सप्लाई किया जा रहा है। जहां उचित मात्रा में पानी सप्लाई नहीं किए जा रहे संबंधित विभागीय पदाधिकारी ऐसे क्षेत्र को चिन्हित कर पेयजलापूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करें। पेयजलापूर्ति योजना से संबंधित प्राप्त शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करें।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार गागराई, अपर-नगर आयुक्त गिरजा शंकर प्रसाद, नगर निकाय के कार्यपालक पदाधिकारी, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

