9 दिन बाद कमलदेव गिरी हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, सतीश प्रधान और जाहिद मुख्य साजिशकर्ता।

पश्चिमी सिंहभूम , चक्रधरपुर : हिंदूवादी नेता कमलदेव गिरि हत्याकांड मामले में 9 दिन के बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी चक्रधरपुर के ही रहने वाले हैं। एक का नाम गुलजार हुसैन उर्फ पिट्ठू और दूसरे का नाम मतिउर रहमान उर्फ दानिश है। मालूम हो कि चक्रधरपुर के भारत भवन चौक के पास 12 नवंबर को बजरंग दल के सदस्य और गिरिराज सेना के अध्यक्ष कमलदेव गिरी की बम मार के हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद से चक्रधरपुर शहर कई दिनों तक अशांत रहा। 



आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पर भारी दबाव था।



पुलिस अधीक्षक द्वारा मामले की जांच के लिए चक्रधरपुर एसडीपीओ कपिल चौधरी, सहायक पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल और एसडीपीओ चाईबासा दिलीप खलखो के नेतृत्व में 13 सदस्यीय एसआईटी की टीम का गठन किया गया था। घटना के 9 दिन बाद आखिरकार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी गुलजार हुसैन चक्रधरपुर थाना के मंडलसाईं और मतिउर रहमान सिमीदिरी का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बारे में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि घटना के मुख्य साजिशकर्ता सतीश प्रधान एवं जाहिद ने अपने 6 साथियों के सहयोग से सुनियोजित तरीके से एक षड्यंत्र के तहत हत्याकांड को अंजाम दिया। जांच के क्रम में एसआईटी की टीम ने दो आरोपियों गुलजार हुसैन और मतिउर रहमान को गिरफ्तार किया है। कांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post