पश्चिमी सिंहभूम टी -20 लीग-2026,चक्रधरपुर रॉयल्स एवं जगन्नाथपुर टाइगर्स की आसान जीत, दोनों के सेमीफाईनल में पहूँचने की संभावना
संतोष वर्मा
चाईबासाःजिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रहे पश्चिमी सिंहभूम टी 20 लीग के अंतर्गत आज खेले गए पहले मैच में चक्रधरपुर रॉयल्स ने चाईबासा चैलेंजर्स को एक नजदीकी मुकाबले में 13 रनों से पराजित कर इस प्रतियोगिता में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर पूर्वाह्न नौ बजे से खेले गए पहले मैच में टॉस चाईबासा चैलेंजर्स के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। रनों से भरे विकेट पर पहले बल्लेबाजी करते हुए चक्रधरपुर रॉयल्स की टीम ने निर्धारित बीस ओवर में पाँच विकेट के नुकसान पर 247 रन ठोक डाले। उद्घाटक बल्लेबाज ओजस वर्धन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए सात चौके एवं पाँच छक्के की सहायता से 78 रनों की पारी खेली।
अन्य बल्लेबाजों में डेविड सांगा दो चौके एवं पाँच ताबड़तोड़ छक्का की मदद से नाबाद 43 रन, शिवम पटेल ने 34, हर्ष कुमार ने 31 एवं कप्तान श्रेष्ठ ने 28 रनों का योगदान दिया। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से हृतिक सेठ, फैजानुल रहमान, रवि शर्मा, हर्ष राणा एवं एमोस एक्का को एक-एक सफलता हाथ लगी। जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी चाईबासा चैलेंजर्स की टीम ने भी भरपूर प्रयास किया पर पूरे बीस ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 234 रन ही बना पाई और 13 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। चाईबासा चैलेंजर्स की ओर से हर्ष राणा ने सर्वाधिक 59 रन, आदित्य सिंह ने 17 गेंदों पर ताबड़तोड़ 44 रन तथा राहुल महतो ने 38 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने का भरसक प्रयास किया परंतु उनका प्रयास नाकाफी साबित हुआ। चक्रधरपुर रॉयल्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए महेश सुलेंद्र दास ने 22 रन देकर तीन, हर्ष कुमार ने 36 रन देकर दो तथा करण कुमार ने 40 रन देकर दो विकेट अपने नाम किए।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में चाईबासा नगर पर्षद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने चक्रधरपुर रॉयल्स के ओजस वर्धन को उसकी शानदार बल्लेबाजी के लिए मैन आफ द मैच का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
आज ही अपराह्न एक बजे से खेले गए दूसरे मैच में जगन्नाथपुर टाइगर्स ने सारंडा वारियर्स को सात विकेट से पराजित कर न सिर्फ इस प्रतियोगिता में दूसरी जीत दर्ज की बल्कि अंक तालिका में दो पायदान की छलाँग लगाकर तीसरे स्थान पर पहूँच गई और सेमीफाईनल में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली है। इस मैच में टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए सारंडा वारियर्स की पूरी टीम 18.2 ओवर में मात्र 103 रन पर ही सिमट गई। अंकित शर्मा ने 26, कुमार करण ने 18 एवं बालकृष्णा ने 12 रन बनाए। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। जगन्नाथपुर टाइगर्स की ओर से ए पवन कुमार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 10 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। अमित दास, प्रकाश सीट एवं रौशन कुमार को दो-दो सफलता हाथ लगी।
जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी जगन्नाथपुर टाइगर्स की टीम ने डेविड सागर मुंडा की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत 11.5 ओवर में तीन विकेट के नुकसान 104 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। उद्घाटक बल्लेबाज डेविड सागर मुंडा ने पाँच चौके एवं तीन छक्के की सहायता से नाबाद 45 रन बनाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डेविड के साथ पारी की शुरुआत करने आए रौशन ने भी तीन छक्के की सहायता से 25 रन की उपयोगी पारी खेली। सारंडा वारियर्स की ओर से प्रतिक रंजन ने 25 रन देकर दो विकेट हासिल किए जबकि अंकित शर्मा को एक सफलता हाथ लगी।
मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मैच रेफरी विनोद खुल्लर ने जगन्नाथपुर टाइगर्स के ए पवन कुमार को उसकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर अॉफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा।

