एकतरफा मुकाबले में एन० सी० सी० जामदा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को हराया

 एस० आर० रूंगटा बी-डिविजन लीग, 2026-27



एकतरफा मुकाबले में एन० सी० सी० जामदा ने लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को हराया

प्रवीण कुमार साहनी की शानदार बल्लेबाजी और आयुष आर्या की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत नेशनल क्रिकेट क्लब, बड़ा जामदा ने चक्रधरपुर की लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब को एक आसान मुकाबले में 94 रनों से पराजित कर पूरे चार अंक हासिल किए। 

संतोष वर्मा

चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर चल रहे एस आर रूंगटा बी-डिविजन लीग के अंतर्गत आज खेले गए तीसरे मैच में टॉस लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब के कप्तान ने जीता तथा विपक्षी टीम को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। उनका यह निर्णय गलत साबित हुआ जब नेशनल क्रिकेट क्लब बड़ा जामदा की टीम ने निर्धारित तीस ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर 262 रन ठोक डाले। पारी की शुरुआत करने आए प्रवीण कुमार साहनी ने नौ चौके एवं तीन छक्के की सहायता से 72 रन तथा दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज शुभम नायक ने चार चौके एवं दो छक्के की मदद से 46 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 119 रनों की बेहतरीन साझेदारी निभाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी। बाद के क्रम में रिषि राज सिंह ने 25, अंकुश यादव ने 22, रोमित ने नाबाद 19 तथा ओम त्यागी ने 16 रनों की पारी खेली। लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की ओर से कप्तान विवेक चौरसिया एवं पियुष कुमार ने दो-दो विकेट हासिल किए। 

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी लक्ष्मण गिलुआ क्रिकेट क्लब की पूरी टीम 24.2 ओवर में 168 रन बनाकर आल आउट हो गई और 94 रनों के अंतर से मैच गंवा बैठी। इस टीम की ओर से अनीस कुमार दास ने चार चौके एवं चार छक्के की सहायता से सर्वाधिक 60 रन बनाए। उद्घाटक बल्लेबाज ललित सिंह भोज ने 45, कप्तान विवेक चौरसिया ने नाबाद 11 तथा रोनित थापा ने 10 रनों का योगदान दिया। अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक नहीं पहुंच पाया। नेशनल क्रिकेट क्लब की ओर से आयुष आर्या ने शानदार गेंदबाजी करते हुए मात्र 18 रन देकर चार विकेट झटके और टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यशस्वी गौतम एवं शौर्य सिंह को दो-दो सफलता हाथ लगी। इस प्रतियोगिता में कल शाह स्पोर्ट्स क्रिकेट अकादमी चक्रधरपुर का मुकाबला गोप एवं सिंह क्लब बड़ा जामदा से होगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post