सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झामुमो में शोक की लहर, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झामुमो में शोक की लहर, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि



संतोष वर्मा

चाईबासा ःझारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग तथा पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर है। उनके निधन को पार्टी और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए झामुमो पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष सोनाराम देवगम, जिला सचिव राहुल आदित्य एवं जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है।

तीनों नेताओं ने संयुक्त शोक संदेश में कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का असमय निधन झारखंड की राजनीति, संगठन और राज्य के विकास के लिए अत्यंत पीड़ादायक एवं अपूरणीय क्षति है। उन्होंने एक जनप्रतिनिधि और मंत्री के रूप में राज्य के विकास, युवाओं के हित तथा झारखंड की कला-संस्कृति एवं पर्यटन को आगे बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सोनाराम देवगम, राहुल आदित्य और बुधराम लागुरी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन ऐसे समय हुआ है, जब राज्य को उनके सक्रिय नेतृत्व और अनुभव की आवश्यकता थी। उनके निधन से झामुमो परिवार ने अपना एक समर्पित साथी और झारखंड ने एक कर्मठ जनसेवक खो दिया है।

नेताओं ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व, संगठन के प्रति समर्पण और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा स्मरणीय रहेगी। उनके द्वारा किए गए कार्य और जनसेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी। झामुमो नेताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों, समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।“सुदिव्य कुमार सोनू का जाना केवल झामुमो परिवार की नहीं, बल्कि पूरे झारखंड की अपूरणीय क्षति है। उनका योगदान और स्मृतियां सदैव हमारे बीच जीवित रहेंगी।”

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post