‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर भाजपा की जिला स्तरीय कार्यशाला संपन्न
संतोष वर्मा
चाईबासा ः भारतीय जनता पार्टी, पश्चिमी सिंहभूम जिला कार्यालय, चाईबासा में आज प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों तथा सेवा गतिविधियों को गांव-गांव तक पहुंचाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
कोल्हान प्रमंडल प्रभारी संसग राज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा हैं। उन्होंने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ को केवल आयोजन तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इसे मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुंचाना है।
पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। भाजपा कार्यकर्ताओं को उनके सेवा भाव से प्रेरणा लेकर समाज के जरूरतमंद लोगों के बीच निरंतर सेवा कार्य करना चाहिए।
प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद श्रीमती गीता कोड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में नई दिशा प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यों को गांव-गांव तक पहुंचाएं।
भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती गीता बालमुचु ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाया जाएगा। मंडल अध्यक्षों, मंडल की टोली एवं कार्यकर्ताओं को अभियान की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि सेवा भाजपा की मूल भावना है। कार्यकर्ता जरूरतमंदों तक पहुंचकर सेवा कार्यों को अभियान का स्वरूप दें।
पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन कार्यकर्ताओं के लिए सेवा और राष्ट्र समर्पण की प्रेरणा है। अभियान के माध्यम से इस भावना को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यशाला में पूर्व जिला अध्यक्ष शुरु नंदी, पूर्व जिला अध्यक्ष सतीश पुरी, चंद्रमोहन तियू, रंजन प्रसाद, श्रीमती रानी तिरिया, श्रीमती राजश्री बनरा, श्रीमती रूपा दास, हेमंत केशरी, श्रीमती दुर्गावती बोयपाई, श्रीमती सुशीला पूर्ति, श्रीमती सुखमति बिरुआ सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल की टोली एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

