मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का हार्ट अटैक से निधन, गिरिडीह में शोक की लहर
न्यूज़ डेस्क: झारखंड की राजनीति को रविवार की सुबह उस समय गहरा झटका लगा, जब नगर विकास एवं उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री सह गिरिडीह सदर विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का हृदयाघात से निधन हो गया। वे 56 वर्ष के थे।
जानकारी के अनुसार, बीती रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें गिरिडीह स्थित मर्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
मंत्री के निधन की खबर फैलते ही मर्सी हॉस्पिटल में लोगों की भीड़ जुटने लगी। जिला प्रशासन के अधिकारी और शहर के गणमान्य लोग भी अस्पताल पहुंचे। डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. विमल कुमार, डीडीसी स्मिता कुमारी और सदर एसडीएम धीरेंद्र कुमार समेत कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे और स्थिति की जानकारी ली।
सुदिव्य कुमार सोनू अपने शांत, सहज और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। सार्वजनिक जीवन में वे लोगों से सहजता से मिलने और उनकी समस्याएं सुनने के लिए पहचाने जाते रहे। उनके आकस्मिक निधन की खबर से गिरिडीह सहित पूरे झारखंड में शोक की लहर है।
