Chaibasa News: मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर झामुमो ने 7 सितंबर का धरना स्थगित किया: बुधराम लागुरी


चाईबासा/संतोष वर्मा: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य सह झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ जी के आकस्मिक निधन से पार्टी में शोक की लहर है। उनके निधन पर पार्टी के सभी स्तर के नेता एवं कार्यकर्ताओं ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी संवेदना प्रकट की है। झामुमो जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर शोक की इस घड़ी में राज्यभर में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को स्थगित किया गया है।

इसी क्रम में 07 सितंबर 2026 को जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ जी का आकस्मिक निधन पार्टी और झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। वे संगठन के समर्पित नेता एवं सरकार में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले जनप्रतिनिधि थे। उनके निधन से झामुमो परिवार गहरे शोक में है।

बुधराम लागुरी ने पार्टी के सभी प्रखंड /नगर अध्यक्ष/सचिव सहित तमाम पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए आगामी 07 सितंबर के धरना-प्रदर्शन को स्थगित रखें तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करें। उन्होंने कहा कि पार्टी का अगला कार्यक्रम केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश एवं आगामी आदेश के अनुसार ही तय किया जाएगा।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post