![]() |
| Ai generated image |
सरायकेला: सरायकेला जिले के आदित्यपुर-2 स्थित कुलुपटांगा बस्ती, रोड नंबर 14 निवासी बीपा मुंडरी ने अपने पति के बड़े भाई सुखराम मुंडरी/राम मुंडरी पर वर्ष 2021 से लगातार उन्हें डायन बताकर प्रताड़ित करने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर पीड़िता का कहना है कि पूर्व में महिला समिति के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया था, लेकिन कथित रूप से प्रताड़ना का सिलसिला बंद नहीं हुआ।
बीपा मुंडरी के अनुसार उनके दो बेटियां और एक बेटा है। वर्तमान में वह अपने पति और बच्चों के साथ अपनी जान की सुरक्षा के लिए घर से बाहर दर-दर भटकने को मजबूर हैं। पीड़िता का आरोप है कि दो दिन पूर्व उनके भसुर के बेटे की मौत हो गई, जिसके बाद बीपा पर उसके बेटे को खाने का गंभीर और अंधविश्वास पर आधारित आरोप लगाया गया।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि भसुर ने उसके घर के दरवाजे के सामने अपने मृत बेटे के शव को दफना दिया और कथित तौर पर धमकी दी कि “तुमने मेरे बेटे को खाया है, इसलिए तुम्हारे घर के सामने गाड़ रहा हूं। मेरा बेटा भी तुम्हें खाएगा।” इसके साथ ही पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के मुताबिक पहले उसके पति को और उसके बाद बच्चों तथा उसे मारने की धमकी दी गई।
घटना के बाद बीपा मुंडरी का पूरा परिवार भय के माहौल में है और अपनी सुरक्षा के लिए मदद की गुहार लगा रहा है। इसी क्रम में परिवार पद्मश्री से सम्मानित छुटनी महतो के परिवार परामर्श केंद्र पहुंचा, जहां छुटनी महतो ने पीड़ित परिवार को न्याय और हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिया।
छुटनी महतो ने मामले में प्रशासन से हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय दिलाने की बात कही। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय स्तर पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को लेकर दिल्ली तक आवाज उठाई जाएगी। पीड़ित परिवार ने प्रशासन और पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा प्रदान करने तथा आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।



