जन्म-मृत्यु निबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए तीन जागरूकता वाहन रवाना

जन्म-मृत्यु निबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए तीन जागरूकता वाहन रवाना



उपायुक्त मनीष कुमार ने समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, शत-प्रतिशत निबंधन का लक्ष्य

संतोष वर्मा

Chaibasa ःपश्चिमी सिंहभूम जिले में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के निबंधन के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने तथा शत-प्रतिशत जन्म-मृत्यु निबंधन के लक्ष्य को प्राप्त करने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से तीन जागरूकता वाहनों को रवाना किया गया। जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त श्री मनीष कुमार ने जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि जन्म एवं मृत्यु का निबंधन प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। जन्म प्रमाण पत्र व्यक्ति की पहचान एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं और योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है, वहीं मृत्यु का निबंधन भी विभिन्न प्रशासनिक एवं कानूनी प्रक्रियाओं के लिए आवश्यक होता है। उन्होंने कहा कि जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं का समय पर निबंधन कराने के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

उपायुक्त ने कहा कि जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों को जन्म एवं मृत्यु निबंधन की आवश्यकता, प्रक्रिया एवं इसके महत्व की जानकारी दी जाएगी। जिला प्रशासन का प्रयास है कि जिले में होने वाली प्रत्येक जन्म एवं मृत्यु की घटना का अनिवार्य रूप से निबंधन सुनिश्चित हो, ताकि जन्म-मृत्यु निबंधन में शत-प्रतिशत उपलब्धि के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके।

उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान की सफलता के लिए स्थानीय स्तर पर लोगों तक उनकी अपनी भाषा में जानकारी पहुंचाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले में रवाना किए गए जागरूकता वाहनों के माध्यम से ध्वनि विस्तारक यंत्र द्वारा हिंदी, उड़िया एवं स्थानीय हो भाषा में जन्म-मृत्यु निबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण संदेशों का प्रसारण किया जाएगा। ये वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आम नागरिकों को निबंधन के महत्व एवं इससे संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

जागरूकता वाहनों के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया जाएगा कि जन्म एवं मृत्यु की प्रत्येक घटना का समय पर निबंधन कराया जाए तथा प्रमाण पत्र प्राप्त किया जाए। साथ ही लोगों को यह भी बताया जाएगा कि जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र भविष्य में अनेक सरकारी एवं गैर-सरकारी कार्यों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज के रूप में उपयोगी होते हैं। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से उन क्षेत्रों एवं समुदायों तक पहुंच बनाना है, जहां अभी भी जन्म-मृत्यु निबंधन के प्रति पर्याप्त जागरूकता का अभाव है।

जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान के माध्यम से आम नागरिकों, पंचायत प्रतिनिधियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित हितधारकों से भी अपील की जा रही है कि वे जन्म एवं मृत्यु की घटनाओं का समय पर निबंधन कराने में सहयोग करें। प्रशासन का मानना है कि व्यापक जनभागीदारी और जागरूकता के माध्यम से जिले में जन्म एवं मृत्यु निबंधन की स्थिति को और बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रमके दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी श्री फ्रांसिस कुजूर सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post