सरायकेला: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने राजनगर प्रखंड के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे डोर-टू-डोर सत्यापन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया तथा बीएलओ और अन्य कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को पूरी पारदर्शिता एवं सावधानी के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने डोर-टू-डोर सत्यापन में लगे कर्मियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने और सभी अभिलेखों को अद्यतन रखने का निर्देश दिया। एसडीओ ने कहा कि निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके लिए सभी कर्मी पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
