मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के एन्यूमरेशन फेज में अब तक पश्चिमी सिंहभूम का बेहतर प्रदर्शन
संतोष वर्मा
Chaibasaः निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR 2026) अभियान के अंतर्गत एन्यूमरेशन (Enumeration) चरण में पश्चिमी सिंहभूम जिला ने अब तक उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फॉर्म वितरण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में पूरे राज्य में प्रथम स्थान पर है। यह उपलब्धि जिला प्रशासन, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) तथा निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के समन्वित एवं सतत प्रयासों का परिणाम है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों में एन्यूमरेशन कार्य तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। अब तक 296387 गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्षित मतदाताओं का 27.34 प्रतिशत है। जो पूरे राज्य में प्रथम स्थान है। वहीं, प्राप्त प्रपत्रों में से 6036 प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन BLO App के माध्यम से सफलतापूर्वक किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि जिले के पांचों विधानसभा क्षेत्रों के अंतर्गत केवल 39 मतदान केंद्रों पर तकनीकी कारणों से फॉर्म का ऑनलाइन वितरण संभव नहीं हो सका है। हालांकि संबंधित सभी मतदान केंद्रों पर ऑफलाइन माध्यम से फॉर्म का वितरण सुनिश्चित कर दिया गया है, जिससे अभियान की प्रगति किसी प्रकार से प्रभावित नहीं हुई है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने जिले के सभी बीएलओ, सुपरवाइजर, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों एवं निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के निदेशित किया है कि आगामी दो दिनों के अन्दर गणना (एन्यूमरेशन) प्रपत्रों का वितरण 50% तक करना सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला आगामी चरणों में भी इसी उत्कृष्ट प्रदर्शन को बनाए रखते हुए राज्य में अपनी अग्रणी स्थिति बरकरार रखेगा तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के सभी निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध एवं सफलतापूर्वक पूर्ण करेगा साथ ही जिले के कोई भी पत्र मतदाता का नाम ना छुटे इसका विशेष रूप से ध्यान रखा जाए।
