जिला समाहरणालय में खुलेगा NIELIT कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र, DeGS एवं NIELIT के बीच हुआ एमओयू
santosh verma
Chaibasa ःपश्चिमी सिंहभूम जिला में डिजिटल शिक्षा एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आज उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, DeGS पश्चिमी सिंहभूम श्री मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा की मौजूदगी में जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला प्रशासन के डिस्ट्रिक्ट ई-गवर्नेंस सोसाइटी एवं नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के बीच कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना हेतु समझौता ज्ञापन हस्तगत किया गया। उक्त के दौरान NIELIT के कार्यकारी निदेशक डॉ. नितिन कुमार पुरी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक है। जिले में NIELIT प्रशिक्षण केंद्र की स्थापना से विद्यार्थियों एवं युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कंप्यूटर शिक्षा प्राप्त होगी, जिससे उनके कौशल विकास को नई दिशा मिलेगी तथा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि यह केंद्र जिले के विद्यार्थियों, युवाओं तथा नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा।
उक्त केंद्र के माध्यम से विभिन्न कंप्यूटर पाठ्यक्रमों, डिजिटल साक्षरता कार्यक्रमों एवं कौशल विकास प्रशिक्षणों का संचालन किया जाएगा, जिससे युवाओं की रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। मौके पर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी सुश्री एम.अपर्णा कुमारी, सहायक जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी श्री मनीष जांगिड़, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री साकिब सलाम खान सहित अन्य उपस्थित रहे।

