सरायकेला: सिख धर्म के पाँचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के अवसर पर गुरुद्वारा साहिब गम्हरिया के बाहर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति एवं सिख संगत की ओर से छबील का आयोजन किया गया। इस दौरान राहगीरों और स्थानीय लोगों के बीच ठंडे शरबत एवं मीठे जल का वितरण किया गया। भीषण गर्मी के बीच शीतल शरबत पीने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
मौके पर गुरुद्वारा साहिब के प्रधान डॉ. अमरजीत सिंह डडवाल ने बताया कि सिख धर्म के पाँचवें गुरु श्री गुरु अर्जुन देव जी के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करते हुए प्रत्येक वर्ष जून माह में छबील लगाकर ठंडे शरबत एवं मीठे पानी का वितरण किया जाता है। उन्होंने कहा कि गुरु अर्जुन देव जी ने मानवता, सत्य और धर्म की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी स्मृति में तथा भीषण गर्मी के दौरान राहगीरों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से सिख संगत द्वारा सेवा भाव से छबील का आयोजन किया जाता है।
इस अवसर पर झामुमो नेता सनी सिंह, गुरुद्वारा समिति के प्रधान डॉ. अमरजीत सिंह डडवाल, चेयरमैन चंचल सिंह, सलाहकार इंद्रजीत सिंह सारंग, जस्सा सिंह, महासचिव भूपेंद्र सिंह, संयुक्त सचिव बथ सिंह, संयुक्त सचिव हैप्पी सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सभी सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान संगत ने सेवा भाव के साथ लोगों को शरबत वितरित कर गुरु साहिब के आदर्शों को याद किया।




