सरायकेला-खरसावां: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में मंगलवार को उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त ने क्रमवार सभी आवेदकों से मिलकर उनकी बात सुनी और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जनता दरबार में कांड्रा मुख्य मार्ग पर जर्जर एवं झूलते विद्युत तारों को बदलने, सड़क अतिक्रमण और नालियों के गंदे पानी से हो रही परेशानी, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना की लंबित द्वितीय किस्त भुगतान, नीमडीह एवं खरसावां प्रखंड के लैम्प्स में धान विक्रय के बाद बायोमेट्रिक व ऑनलाइन प्रविष्टि लंबित रहने जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए। इसके अलावा शहीद पार्क खरसावां में माली की नियुक्ति, सीएम उत्कृष्ट विद्यालय योजना के तहत मातृभाषा आधारित पढ़ाई व्यवस्था बहाल करने तथा पेसा अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप चयन प्रक्रिया सुनिश्चित करने से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए।
जनता दरबार में स्वास्थ्य, शिक्षा और जन वितरण प्रणाली से जुड़े कई मामलों पर भी शिकायतें दर्ज कराई गईं। इनमें से कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
