Chaibasa News: चाईबासा में खाद्य सुरक्षा जांच; फल दुकानों व रेस्टोरेंट्स पर छापेमारी, तीन को नोटिस


चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन सतर्क नजर आ रहा है। मंगलवार को जिला खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्री धनेश्वर हेम्ब्रम ने चाईबासा शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्थित फल दुकानों और रेस्टोरेंट्स में सघन जांच अभियान चलाया।

जांच के दौरान फलों को पकाने में इस्तेमाल किए जाने वाले रसायनों की विशेष रूप से जांच की गई। इस दौरान दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि फलों को पकाने के लिए किसी भी स्थिति में प्रतिबंधित कार्बाइड का उपयोग न करें। पदाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई भी कारोबारी कार्बाइड का उपयोग करते पाया गया, तो उसके विरुद्ध विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान कहीं भी कार्बाइड का इस्तेमाल नहीं पाया गया।

अभियान के दौरान खाद्य अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) नहीं होने के कारण तीन कारोबारियों को नोटिस जारी किया गया। इसके अलावा बस स्टैंड और डोबरोसाय क्षेत्र स्थित रेस्टोरेंट्स की भी जांच की गई, जहां स्वच्छता, साफ-सफाई, शुद्ध पानी के उपयोग और व्यक्तिगत हाइजीन बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से शहर के खाद्य व्यवसायियों में हड़कंप देखा गया, वहीं आम लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post