Chaibasa News: पद्मावती जैन शिशु मंदिर की शानदार जीत, डीपीएस को 8 विकेट से हराया

ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता, 2025-26; पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर ने डी० पी० एस० पब्लिक स्कूल को हराया


चाईबासा/संतोष वर्मा: नीलेश कुमार दास की घातक गेंदबाजी (24/5) एवं दिग्विजय पॉल की शानदार बल्लेबाजी (44 रन) की बदौलत पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा ने डी० पी० एस० पब्लिक स्कूल, चाईबासा को एकतरफा मुकाबले में आठ विकेट से पराजित कर इस प्रतियोगिता में अपनी पहली जीत दर्ज की वहीं डी पी एस पब्लिक स्कूल की टीम अपने दोनों लीग मैच हारकर प्रतियोगिता से लगभग बाहर हो गई है।

पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में उद्योगपति पदम कुमार जैन द्वारा प्रायोजित 15वीं ज्ञान चंद जैन अंतर स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता के अंतर्गत आज खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए डी० पी० एस० पब्लिक स्कूल, चाईबासा की टीम 15.4 ओवर में 94 रन बनाकर आल आउट हो गई। विकेटकीपर बल्लेबाज सुमन उरांव ने 32 तथा केशव प्रैक्टिस एवं आयुष निषाद ने 10-10 रनों की पारी खेली। पद्मावती जैन सरस्वती शिशु मंदिर की ओर से नीलेश कुमार दास ने घातक गेंदबाजी करते हुए 24 रन देकर पाँच बल्लेबाजों को चलता किया जबकि मयंक पाठक एवं प्रेम को दो-दो सफलता हाथ लगी।

जीत के लिए निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की टीम ने मात्र 8.2 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर 95 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। पारी की शुरुआत करने आए दिग्विजय पॉल ने नौ चौके की मदद से 44 रन एवं तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए विकेटकीपर बल्लेबाज आर्यन राज ने पाँच चौके एवं एक छक्का की सहायता से नाबाद 33 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डी पी एस पब्लिक स्कूल चाईबासा की ओर से आयुष निषाद एवं आलोक राज ने एक-एक विकेट हासिल किए।

मैच समाप्ति के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर चाईबासा के नीलेश कुमार दास को उसकी शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। यह पुरस्कार पूर्व क्रिकेटर सह मैच के स्कोरर राहुल लकड़ा ने प्रदान की।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post