चाईबासा/संतोष वर्मा: “गृह प्रवेश दिवस” कार्यक्रम के तहत जिले में उपायुक्त द्वारा लाभुक को गृह प्रवेश कराया गया।उपायुक्त द्वारा आज टोंटो प्रखंड के ग्राम/पंचायत पुरनापानी में अबुआ आवास योजना के लाभुक मुक्ता गौड़ का विधिवत गृह प्रवेश कराया गया तथा पूजा-अर्चना भी की गई। इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा लाभुक को उपहार स्वरूप प्रेशर कुकर प्रदान किया गया। उक्त परिसर में उनके द्वारा पौधारोपण भी किया गया, साथ ही उन्होंने पूरे परिसर का अवलोकन किया।
गृह प्रवेश के उपरांत उपायुक्त द्वारा “अंडा उत्पादन इकाई” का निरीक्षण किया गया तथा मुर्गी एवं बत्तख पालन का जायजा लिया गया। मौके पर उन्होंने लाभुक सुनीता सूंडी से मुर्गी एवं बत्तख से प्राप्त होने वाले अंडों के उत्पादन संबंधी जानकारी प्राप्त की।
इसके उपरांत उपायुक्त द्वारा पंचायत भवन, पुरनापानी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भवन के रखरखाव, कमरों की स्थिति, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने पंचायत भवन में रंग-रोगन, पेयजल की समुचित व्यवस्था, भारतीय एवं वेस्टर्न शैली के शौचालय निर्माण, परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने तथा मुखिया एवं सचिव के कक्ष में सक्सेशन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया।
तत्पश्चात उपायुक्त द्वारा +2 उच्च विद्यालय, पुरनापानी का औचक निरीक्षण किया गया। इस क्रम में विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी ली गई तथा विद्यालय के कक्षों, पुस्तकालय एवं कंप्यूटर लैब का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।इसके बाद उपायुक्त द्वारा ग्राम मौदा, पंचायत बामेबेसा स्थित जैविक संसाधन केंद्र का निरीक्षण किया गया। यहां केंचुआ खाद (वर्मी कम्पोस्ट) निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए लाभुक से संवाद किया गया। उन्होंने खाद निर्माण की पूरी प्रक्रिया, उत्पादन एवं विपणन (मार्केट सप्लाई) की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।
अंत में उपायुक्त द्वारा बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत आम बागवानी का निरीक्षण किया गया तथा आम के उत्पादन को देखते हुए योजना की सराहना की गई। मौके पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर आईटीडीए, प्रखंड विकास पदाधिकारी टोन्टो, संबंधित पंचायत के मुखिया, सहित अन्य उपस्थित रहे।



