सरायकेला-खरसावां में जनगणना-2027 को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस, डिजिटल मोड में होगी पूरी प्रक्रिया...
सरायकेला-खरसावां: भारत की आगामी जनगणना-2027 को लेकर सरायकेला-खरसावाँ के उपायुक्त सह-प्रधान जनगणना पदाधिकारी द्वारा गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान जनगणना की प्रक्रिया, तिथियों और नई व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
बताया गया कि जनगणना-2027 इस बार पूरी तरह डिजिटल मोड में कराई जाएगी, जो आधुनिकीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक मोबाइल उपकरणों के माध्यम से डेटा संग्रह कर सीधे केंद्रीय सर्वर पर अपलोड करेंगे।
दो चरणों में होगी जनगणना
जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न होगा। प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 16 मई से 14 जून 2026 तक होगी। वहीं दूसरा चरण जनसंख्या गणना 9 फरवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा।
स्व-गणना का भी मिलेगा विकल्प
इस बार आम नागरिकों के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। 1 मई से 15 मई 2026 तक लोग se.census.gov.in पोर्टल पर जाकर खुद अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसमें 33 सवालों के माध्यम से परिवार, मकान, सुविधाओं और संपत्ति से जुड़ी जानकारी देनी होगी। जानकारी भरने के बाद एक यूनिक आईडी प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के सत्यापन के समय दिखाया जा सकेगा।
जिले में 12 चार्ज, 2245 ब्लॉक बनाए गए
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि सरायकेला-खरसावाँ जिले में जनगणना के लिए कुल 12 चार्ज बनाए गए हैं, जिनमें 3 शहरी और 9 ग्रामीण क्षेत्र शामिल हैं। साथ ही 2245 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) बनाए गए हैं और इस कार्य के लिए 2518 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
कर्मियों को दिया जा रहा प्रशिक्षण
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 46 फील्ड ट्रेनर्स के माध्यम से 27 अप्रैल से 13 मई 2026 तक सभी कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षित कर्मी 16 मई से घर-घर जाकर सर्वेक्षण कार्य पूरा करेंगे।
लोगों से सहयोग की अपील
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान है, जिसके आधार पर सरकार जनकल्याणकारी योजनाएँ बनाती है। उन्होंने सभी लोगों से स्व-गणना में भाग लेने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
