अखिल भारतीय कायस्थ महासभा प० सिंहभूम ने नवनिर्वाचित नगर परिषद् अध्यक्ष नितिन प्रकाश का किया भव्य स्वागत


चाईबासा: अखिल भारतीय कायस्थ महासभा, पश्चिमी सिंहभूम के द्वारा स्थानीय सनशाइन रेस्टोरेंट में नवनिर्वाचित नगर परिषद् चाईबासा के अध्यक्ष श्री नितिन प्रकाश का भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उनके धर्मपत्नी नम्रता प्रकाश, बड़े भाई प्रवीण प्रकाश और धर्मपत्नी स्वेता प्रकाश को भी पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

संपूर्ण कार्यक्रम में समाज के लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही और पूरा माहौल उत्साह एवं उमंग से सराबोर रहा। अपने संबोधन में नवनिर्वाचित नगर परिषद् अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने कहा कि उनकी यह जीत सभी की एकता, मेहनत और चाईबासा की जनता के अपार स्नेह का परिणाम है। उन्होंने जनता के प्रति भरोसा व्यक्त करते हुए कहा कि जिस विश्वास के साथ उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।

अध्यक्ष ने यह भी आश्वासन दिया कि नगर परिषद् क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने, सफाई व्यवस्था सुधारने, पेयजल, सड़क एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए वे पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करेंगे। नम्रता प्रकाश ने चुनाव के समय के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि काफी कठिन समय था। उन्होंने चुनाव में अपना सहयोग और समर्थन देने के लिए सभी के प्रति आभार जताया।

अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के अध्यक्ष संजीव मलिक ने अपने संबोधन में कहा कि नितिन प्रकाश के नेतृत्व में नगर परिषद् क्षेत्र में विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। शहर के समग्र विकास की दिशा में ठोस पहल होगी। नवनिर्वाचित अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने चुनाव के दौरान अपने संघर्षों को साझा करते हुए सभी समर्थकों एवं समाज के लोगों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत सामूहिक प्रयास का परिणाम है, जिसमें हर व्यक्ति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। महासभा के संरक्षक राजीव नयनम ने इस अवसर पर कहा कि नितिन प्रकाश से लोगों को काफी उम्मीदें हैं और उनके नेतृत्व में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।

इस अवसर पर महिला समिति की जिला अध्यक्ष स्वाती मलिक, रानी नयनम , पूनम संदवार , उपाध्यक्ष नीरज संदवार, कोषाध्यक्ष विवेक सिन्हा, दिलीप सिन्हा, प्रताप कुमार सिन्हा, अधिवक्ता अमर बक्शी, अरविंद सिन्हा, सुनील सिन्हा, विमल कुमार सिन्हा, अनुराग प्रसाद, अनिल सिन्हा, ओम सिन्हा, राहुल लाल दास, सागर सिन्हा, महेश सिन्हा , अमर बख्शी सहित काफी संख्या में चित्रांश महिला एवं पुरुष उपस्थित थे।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post