BIG NEWS: साहिबगंज के बरहरवा में घूसखोर एमओ गिरफ्तार, 40 हजार लेते रंगेहाथ पकड़ा गया


साहिबगंज: साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने बड़ी कार्रवाई की है। बरहरवा प्रखंड मुख्यालय स्थित कार्यालय में दुमका एसीबी की टीम ने छापेमारी कर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, यानी एमओ नंदन कुमार को 40 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।

जानकारी के मुताबिक, डीलरों से हर महीने 05 हजार रुपये अवैध वसूली की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया। योजना के तहत डीलर एसोसिएशन के अध्यक्ष आलमगीर आलम को पैसे देकर एमओ के पास भेजा गया। जैसे ही रकम सौंपी गई, पहले से मौके पर तैनात एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया।

बताया जा रहा है कि नंदन कुमार की नियुक्ति महज दो महीने पहले ही हुई थी और यह उनकी पहली पोस्टिंग थी। गिरफ्तारी के बाद एसीबी टीम उन्हें अपने साथ दुमका ले गई है, जहां उनसे पूछताछ जारी है। इस कार्रवाई के बाद जहां डीलरों में राहत की भावना है, वहीं पूरे बरहरवा क्षेत्र में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

फिलहाल, एसीबी की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post