आदित्यपुर में मेयर प्रत्याशी के तौर पर सावित्री लेयांगी को बढ़त


आदित्यपुर: जैसे-जैसे नगर निकाय चुनावों की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे जमीनी स्तर पर परिस्थिति भी साफ होती दिखाई दे रही है। आदित्यपुर में मेयर पद की दौड़ में वैसे तो नौ उम्मीदवार हैं, लेकिन सावित्री लेयांगी को अभूतपूर्व जन-समर्थन मिलता दिख रहा है। 

गम्हरिया से लेकर आदित्यपुर तक, जहां कहीं भी वे जा रही हैं, हर जगह उनका स्वागत हो रहा है एवं अपार जनसमर्थन मिल रहा है। इसी क्रम में आज वे आदित्यपुर पान दुकान चौक के पास पहुंची, तो समर्थकों ने उनका पुरजोर स्वागत किया। 


एक स्थानीय वोटर छोटू उपाध्याय ने बताया कि सावित्री लेयांगी मेयर पद के लिए एक योग्य एवं शिक्षित प्रत्याशी हैं, जो हिंदुत्व की विचारधारा वाले संगठन ब्रह्माकुमारी से जुड़ी रही हैं एवं उन्होंने समाजसेवा को ही अपने जीवन का ध्येय बना लिया है। उन से बेहतर प्रत्याशी मिलना नामुमकिन है। 

सावित्री को क्षेत्र के आदिवासियों का भी खासा समर्थन मिल रहा है। गम्हरिया निवासी एवं पूर्व प्रत्याशी रहे सनातन हांसदा ने बताया कि आदित्यपुर नगर निगम के महापौर के पद पर एक आदिवासी महिला की मौजूदगी हम सबके लिए गर्व का विषय होगी। उन्होंने सभी को एकजुट होकर सावित्री लेयांगी के पक्ष में वोट करने की अपील की। 


आदित्यपुर नगर निगम में संजय सरदार एवं भुगलु सोरेन को शहरी क्षेत्र में उतना समर्थन नहीं मिलता दिख रहा है और सूत्रों के अनुसार संजय सरदार के समर्थन में कल एस टाइप मोड़ पर एक सभा फ्लॉप भी हो गई, वहीं दूसरी ओर हर गली-मोहल्ले में सावित्री का स्वागत करने लिए भीड़ उमड़ रही है। 

ज्ञात हो कि सावित्री लेयांगी को पूर्व सीएम एवं स्थानीय विधायक चम्पाई सोरेन का समर्थन प्राप्त है। वे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास, साफ सफाई, पेयजल की उपलब्धता एवं जनता के लिए सदैव उपलब्ध रहने के नाम पर वोट मांग रही हैं।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post