Chaibasa: चाईबासा में कोल्हान ब्ह रुमुल आयोजन समिति का पुनर्गठन, तैयारियां तेज


चाईबासा: कोल्हान क्षेत्र में आदिवासी हो समाज के प्रमुख पर्व ब्ह के साथ इस वर्ष एक भव्य सांस्कृतिक आयोजन की तैयारी तेज हो गई है। कोल्हान ब्ह रुमुल एवं सांस्कृतिक यात्रा–2026 को लेकर आयोजन समिति ने चाईबासा में महत्वपूर्ण बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा तय की है।

आज दिनांक 25 जनवरी 2026 को चाईबासा के प्रकृति व्याख्या केंद्र के सामने स्थित खुंटकट्टी मैदान में कोल्हान ब्ह रुमुल आयोजन समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोजन समिति का पुनर्गठन किया गया और आगामी सांस्कृतिक यात्रा के सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

समिति ने कोल्हान क्षेत्र के सामाजिक संगठनों, आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों एवं हो समुदाय से एकजुट होकर महोत्सव में सक्रिय भागीदारी की अपील की। सर्वसम्मति से संजय सारील देवगम को अध्यक्ष, क्रांति तिरिया को उपाध्यक्ष, रेयांस सामड को सचिव सह मीडिया प्रभारी, साधु हो को कार्यक्रम प्रबंधक सह मीडिया प्रभारी, सत्यजीत सुंडी को कोषाध्यक्ष तथा विकास उगुरसंडी और बुरु हो को सोशल मीडिया समन्वयक मनोनीत किया गया। बबलू बानरा संरक्षक बनाए गए, जबकि सलाहकार समिति में प्रकाश पूरती, सन्नी, संदीप देवगम और मधुसूदन बानरा शामिल हैं।

समिति ने निर्णय लिया है कि कोल्हान ब्ह रुमुल एवं सांस्कृतिक यात्रा का आयोजन 15 मार्च 2026 को किया जाएगा। यह आयोजन आदिवासी हो समाज के पवित्र ब्ह पर्व के साथ जोड़ा जाएगा, जिसमें साल फूल, आम फूल, ईचे फूल, महुआ फूल और तारोब फूल सिंहबोंगा को अर्पित कर सामूहिक नृत्य और लोक परंपराओं का प्रदर्शन किया जाएगा।

यह सांस्कृतिक यात्रा कोल्हान क्षेत्र—पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां—की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकनृत्य, संगीत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। इस वर्ष ब्ह पर्व के साथ जुड़ाव से आयोजन को और अधिक गरिमामय, परंपरागत और ऐतिहासिक बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

आयोजन समिति ने सभी कोल्हानवासियों, हो समाज के लोगों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों से अपील की है कि वे इस भव्य सांस्कृतिक यात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे यादगार बनाएं।

Post a Comment

Do live your Comments here! 👇

Previous Post Next Post